फतहनगर। प्रदेश के शिक्षकों एवं राज्य कर्मचारियों के GPF, SI लोन, समर्पित अवकाश (PL), एरियर, ग्रेच्युटी सहित सेवानिवृत्ति के बाद मिलने वाले विभिन्न वित्तीय परिलाभों के भुगतान में हो रही देरी को लेकर अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ, राजस्थान (विद्यालय शिक्षा) ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा को ज्ञापन भेजकर तत्काल कार्रवाई की मांग की है।

महासंघ के प्रदेश महामंत्री महेन्द्र कुमार लखारा द्वारा 7 अक्टूबर 2026 को जारी पत्र में बताया गया कि प्रदेश के शिक्षक एवं कर्मचारी अपनी भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए वेतन से GPF की अतिरिक्त कटौती करवाते हैं, ताकि आवश्यकता पड़ने पर GPF से नियमानुसार ऋण लिया जा सके। लेकिन पिछले काफी समय से GPF एवं SI लोन का भुगतान ECS के माध्यम से नहीं हो पा रहा है। इससे कर्मचारियों को आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

महासंघ ने पत्र में बताया कि इसी प्रकार सेवानिवृत्ति के बाद मिलने वाली ग्रेच्युटी, समर्पित अवकाश (PL) का भुगतान तथा विभिन्न प्रकार के लंबित एरियर के भुगतान में भी कई-कई महीनों का समय लग रहा है। समय पर भुगतान नहीं होने से कर्मचारियों को अपनी आवश्यकताओं के लिए आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

महासंघ ने मुख्यमंत्री से मांग की है कि शिक्षकों एवं कर्मचारियों के GPF, SI लोन, PL भुगतान, लंबित एरियर तथा सेवानिवृत्ति के बाद मिलने वाले समस्त परिलाभों के भुगतान में आ रही बाधाओं को तत्काल दूर कराया जाए। साथ ही संबंधित विभागों को समयबद्ध एवं त्वरित भुगतान सुनिश्चित करने के स्पष्ट निर्देश जारी किए जाएं।

संगठन का कहना है कि कर्मचारियों ने अपनी सेवाकाल के दौरान शासन के दायित्वों को पूरा किया है। ऐसे में सेवानिवृत्ति अथवा आवश्यकता के समय उन्हें मिलने वाले उनके वैधानिक एवं देय वित्तीय लाभों में अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए। महासंघ ने मुख्यमंत्री से इस मामले में संवेदनशीलता के साथ हस्तक्षेप कर शिक्षकों एवं कर्मचारियों को राहत दिलाने की अपेक्षा जताई है।

Updated On
Vikas Chawada (Udaipur)

Vikas Chawada (Udaipur)

नाम: विकास चावड़ा

वर्तमान पद: संवाददाता (दैनिक प्रातःकाल, फतहनगर क्षेत्र)

कार्यक्षेत्र: फतहनगर, तहसील: मावली, जिला: उदयपुर (राजस्थान)

अनुभव: साल 2020 से लगातार सक्रिय

बीट और मुख्य विषय 

  • स्थानीय समाचार: तहसील मावली के विभिन्न गांवों सहित फतहनगर-सनवाड़ पालिका क्षेत्र के स्थानीय समाचारों की नियमित कवरेज।
  • राजनैतिक एवं क्राइम: क्षेत्र की राजनीतिक हलचल, कानून-व्यवस्था और अपराध से जुड़ी घटनाओं की रिपोर्टिंग।
  • जन समस्याएं व समसामयिक विषय: स्थानीय नागरिकों की समस्याएं, बुनियादी सुविधाएं और समसामयिक मुद्दों पर नियमित लेखन व रिपोर्टिंग।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

हायर सेकेंडरी

Next Story