राजस्थान: वरिष्ठ पत्रकारों की सम्मान राशि में वृद्धि, अब मिलेंगे 18 हजार रुपये
राजस्थान वरिष्ठ अधिस्वीकृत पत्रकार सम्मान योजना के तहत अब पत्रकारों को प्रतिमाह 18,000 रुपये मिलेंगे। सरकार ने पात्रता नियमों में भी संशोधन किया है।

जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राज्य सरकार ने पत्रकार कल्याण, सम्मान एवं सुरक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को दोहराते हुए एक अत्यंत महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। मुख्यमंत्री ने राज्य के पूर्णकालिक वरिष्ठ अधिस्वीकृत पत्रकारों के लिए दी जाने वाली सम्मान राशि में वृद्धि करने के प्रस्ताव को अपनी स्वीकृति प्रदान कर दी है। इस निर्णय के तहत, अब वरिष्ठ पत्रकारों को प्रतिमाह 15 हजार रुपये के स्थान पर 18 हजार रुपये की सम्मान राशि प्राप्त होगी। मुख्यमंत्री द्वारा इस प्रस्ताव को मंजूरी मिलने के पश्चात, सूचना एवं जनसंपर्क विभाग (डीआईपीआर) ने राजस्थान वरिष्ठ अधिस्वीकृत पत्रकार सम्मान योजना में संशोधन करते हुए इस वृद्धि की आधिकारिक अधिसूचना जारी कर दी है।
सूचना एवं जनसंपर्क विभाग द्वारा जारी 'राजस्थान वरिष्ठ अधिस्वीकृत पत्रकार सम्मान योजना (संशोधन) नियम-2026' के अनुसार, इस योजना का लाभ प्राप्त करने के लिए पात्रता का निर्धारण स्पष्ट किया गया है। अब ऐसे पूर्णकालिक अधिस्वीकृत पत्रकार, जिन्होंने दैनिक, साप्ताहिक या पाक्षिक समाचार पत्रों, स्वतंत्र पत्रकारिता, इलेक्ट्रॉनिक मीडिया अथवा समाचार एजेंसियों में न्यूनतम 20 वर्षों तक सेवायोजन कार्य किया है, वे इस सम्मान राशि के हकदार होंगे। इस पात्रता के अंतर्गत दैनिक, साप्ताहिक व पाक्षिक समाचार पत्रों के साथ-साथ इलेक्ट्रॉनिक मीडिया और समाचार एजेंसियों के संपादक, प्रकाशक और मालिक भी सम्मिलित हैं, बशर्ते उनकी आयु 60 वर्ष या उससे अधिक हो। सरकार का यह निर्णय प्रदेश में पत्रकारिता जगत के लिए एक बड़ा प्रोत्साहन है, जो वरिष्ठ पत्रकारों के वर्षों के अनुभव और समाज के प्रति उनके योगदान के प्रति सम्मान को रेखांकित करता है। यह कदम न केवल पत्रकारों की आर्थिक स्थिति को संबल प्रदान करेगा, बल्कि उन्हें भविष्य में भी समाज के प्रहरी के रूप में कार्य करने हेतु प्रेरित करेगा।

