राजस्थान पुलिस ने सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली जनहानि को कम करने और आमजन में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से प्रदेशभर में 2 जुलाई से 16 जुलाई 2026 तक 15 दिवसीय विशेष हेलमेट जागरूकता एवं प्रवर्तन अभियान शुरू किया है। अभियान के तहत खेरवाड़ा, बावलवाड़ा, पहाड़ा एवं पाटिया थाना अधिकारियों ने क्षेत्रवासियों से यातायात नियमों का पालन करने और दोपहिया वाहन चलाते समय अनिवार्य रूप से हेलमेट पहनने की अपील की है।

थानाधिकारी खेरवाड़ा करणाराम जाट, थानाधिकारी बावलवाड़ा गणपत सिंह राठौड़, थानाधिकारी पहाड़ा उम्मेदी लाल मीणा तथा थानाधिकारी पाटिया देवलाल मीणा ने संयुक्त रूप से कहा कि सड़क सुरक्षा प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्होंने आमजन से आग्रह किया कि स्वयं के साथ अपने परिवार की सुरक्षा को भी प्राथमिकता दें तथा दोपहिया वाहन चलाते समय चालक के साथ-साथ पीछे बैठने वाला सहयात्री भी अनिवार्य रूप से हेलमेट पहने।

उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान यातायात नियमों की पालना सुनिश्चित कराने के लिए पुलिस विशेष प्रवर्तन कार्रवाई करेगी। इस दौरान बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने, पीछे बैठे सहयात्री के हेलमेट नहीं पहनने, ओवरस्पीडिंग, गलत स्थान पर वाहन पार्क करने, लेन नियमों का उल्लंघन करने तथा अन्य यातायात नियमों की अवहेलना करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

थाना अधिकारियों ने बताया कि अभियान का विशेष फोकस ग्रामीण क्षेत्रों पर भी रहेगा, जहां अधिक से अधिक लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया जाएगा। उन्होंने आमजन से सुरक्षित वाहन चलाने, यातायात नियमों का पालन करने तथा अपने परिवार और समाज की सुरक्षा सुनिश्चित करने में सहयोग देने की अपील की।

अभियान के अंत में थाना अधिकारियों ने संदेश दिया कि "सुरक्षा का है यही संदेश – हेलमेट पहनें, सुरक्षित रहें।" यह अभियान केवल नियमों के पालन तक सीमित नहीं है, बल्कि सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली जनहानि रोकने और सुरक्षित यातायात संस्कृति को मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।

Dinesh Kumar Jain, Kherwara(Udaipur)

Dinesh Kumar Jain, Kherwara(Udaipur)

दिनेश कुमार जैन पत्रकारिता जगत का एक अनुभवी और विश्वसनीय नाम हैं। उन्होंने पिछले लगभग 8 वर्षों से प्रिंट मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय रहकर जनहित से जुड़े मुद्दों, प्रशासनिक गतिविधियों, ग्रामीण विकास, सामाजिक सरोकारों तथा स्थानीय समस्याओं को प्रमुखता से उठाया है।

उन्होंने जनवरी 2020 से प्रतिष्ठित समाचार पत्र दैनिक नवज्योति में संवाददाता, खेरवाड़ा एवं नयागांव ब्लॉक (जिला उदयपुर) के रूप में कार्य करते हुए तहसील एवं ब्लॉक स्तर की खबरों को प्रभावी ढंग से पाठकों तक पहुंचाया। इससे पूर्व वे लगभग दो वर्षों तक राजस्थान पत्रिका से भी जुड़े रहे, जहां उन्होंने क्षेत्रीय पत्रकारिता में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

खेरवाड़ा, नयागांव तथा आसपास के ग्रामीण एवं आदिवासी क्षेत्रों की जमीनी समस्याओं, विकास कार्यों, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि एवं सामाजिक मुद्दों पर उनकी विशेष पकड़ रही है। निष्पक्ष, तथ्यपरक और जनहित आधारित पत्रकारिता उनकी पहचान है।

वर्तमान में प्रातःकाल के साथ जुड़कर वे अपने व्यापक अनुभव और क्षेत्रीय समझ के माध्यम से पाठकों तक सटीक, विश्वसनीय और प्रभावशाली समाचार पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं। उनकी पत्रकारिता का उद्देश्य समाज की आवाज को सशक्त मंच प्रदान करना तथा जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाना है।

Next Story