मावली: गौ माता को राष्ट्र माता का दर्जा देने की मांग, तहसील कार्यालय पर प्रदर्शन
उदयपुर की मावली तहसील में 'गौ सम्मान आव्हान अभियान' के तहत रैली निकालकर राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा गया।

संपूर्ण भारतवर्ष में संचालित 'गौ सम्मान आव्हान अभियान' के अंतर्गत मंगलवार को राजस्थान के मावली तहसील क्षेत्र में भक्ति और श्रद्धा का अनूठा संगम देखने को मिला। गौवंश के संरक्षण और संवर्धन की मांग को लेकर आयोजित भव्य संकीर्तन रैली ने पूरे क्षेत्र को भक्तिमय कर दिया। इस ऐतिहासिक आयोजन में तहसील के विभिन्न गांवों से बड़ी संख्या में गौ प्रेमी, गौभक्त एवं सनातन धर्मावलंबी महिला-पुरुष मावली के पुराना बस स्टैंड पर एकत्रित हुए, जहाँ से सनातन धर्म की रक्षा और गौ माता के सम्मान का उद्घोष किया गया।
पुराना बस स्टैंड से प्रारंभ हुई यह विशाल रैली संकीर्तन करते हुए मुख्य मार्गों से होकर तहसील कार्यालय पहुंची। इस यात्रा की धार्मिक विशेषता यह रही कि सभी प्रार्थना पत्रों को लाल कपड़े में बांधकर गौभक्तों ने अत्यंत श्रद्धा भाव के साथ अपने सिर पर धारण किया। रैली के दौरान साक्षात गौ माता, नंदी बाबा एवं भगवान की सजीव झांकियों ने श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया, वहीं ठाकुर जी के बेवाण ने आकर्षण का केंद्र बनकर सबका मन मोह लिया। इस गौरवमयी आयोजन में विभिन्न हिंदू संगठनों के सक्रिय सहयोग के साथ संतजन, वयोवृद्ध, मातृशक्ति एवं युवाओं ने उत्साहपूर्वक भागीदारी की।
तहसील कार्यालय पहुंचकर प्रतिनिधिमंडल ने तहसील अधिकारी को माननीय राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, राज्यपाल एवं मुख्यमंत्री के नाम संबोधित एक औपचारिक ज्ञापन सौंपा। इस ज्ञापन के माध्यम से संवैधानिक और कानूनी ढांचे के अंतर्गत गौ माता को 'राष्ट्र माता' का दर्जा देने, गौवंश की सुरक्षा हेतु प्रभावी केंद्रीय कानून बनाने तथा समूचे देश में गौ हत्या पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने की कड़ा मांग की गई। कार्यक्रम के समापन पर आयोजकों ने सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए गौ संरक्षण के इस संकल्प को राष्ट्रव्यापी स्तर पर निरंतर जारी रखने की प्रतिबद्धता दोहराई। यह आयोजन क्षेत्र में गौवंश के प्रति जन-जागरूकता और सामाजिक एकजुटता का एक सशक्त प्रतीक बनकर उभरा है।

Pratahkal Hub
प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"
