राजस्थान के मावली में आगामी जनगणना 2027 को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में गुरुवार को मावली पंचायत समिति भवन तथा पीएम श्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय द्वितीय परिसर में प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों का प्रशिक्षण प्रारंभ किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में नियुक्त कार्मिकों ने भाग लिया।

पीएम श्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय द्वितीय परिसर में आयोजित प्रथम दिवस के प्रशिक्षण सत्र में मास्टर ट्रेनर मनोज कुमार समदानी एवं भानसिंह राव ने प्रतिभागियों का परिचय एवं प्रस्तुतीकरण करवाने के बाद प्रशिक्षण के उद्देश्य स्पष्ट किए। उन्होंने बताया कि जनगणना के प्रथम चरण में भवन गणना, मकान सूचीकरण तथा परिवारों की पहचान का कार्य किया जाएगा, जिसे 16 मई से 14 जून 2026 तक संपादित किया जाना प्रस्तावित है।

प्रशिक्षण में यह भी बताया गया कि इस बार जनगणना पूर्णतः डिजिटल माध्यम से संपन्न होगी, जिसमें सभी सरकारी कर्मचारियों को अपने मोबाइल फोन के माध्यम से गणना कार्य करना होगा। इसके लिए मोबाइल में एंड्रॉयड वर्जन 12 या उससे ऊपर तथा न्यूनतम 4 जीबी रैम होना आवश्यक बताया गया है। जनगणना एप को गूगल प्ले स्टोर से डाउनलोड कर इंस्टॉल किया जाएगा।

मास्टर ट्रेनरों ने आगे स्पष्ट किया कि लॉगिन के बाद पासवर्ड परिवर्तन अनिवार्य रहेगा। इस बार पहली बार स्व-गणना (Self Enumeration) का विकल्प भी उपलब्ध कराया गया है, जिसके तहत नागरिक स्वयं अपनी जानकारी दर्ज कर सकेंगे। इस प्रक्रिया के बाद 11 अंकों की आईडी जनरेट होगी।

दिनभर चले इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में कुल पांच सत्र आयोजित किए गए, जिनमें मकान सूचीकरण, परिवार विवरण, डिजिटल डाटा प्रविष्टि, नजरी नक्शा तैयार करना तथा क्षेत्रीय सीमांकन जैसे विषयों पर विस्तार से प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षकों ने नजरी नक्शा तैयार करते समय उपयोग में आने वाले विभिन्न प्रतीक चिन्हों की भी जानकारी दी, ताकि गणना कार्य में किसी प्रकार की त्रुटि न रहे।

प्रशिक्षण सुबह 9:30 बजे से शाम 6 बजे तक चला। इसी के साथ पंचायत समिति सभागार में भी समानांतर रूप से प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों का प्रशिक्षण आयोजित किया गया, जिसमें मास्टर ट्रेनर जगदीश पालीवाल एवं संजय कुमार गहलोत ने प्रशिक्षण प्रदान किया। दोनों प्रशिक्षण स्थलों का निरीक्षण तहसीलदार मावली दिनेश कुमार यादव ने किया।

इस प्रकार जनगणना 2027 को लेकर प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां गति पकड़ रही हैं और प्रशिक्षण के माध्यम से कार्मिकों को तकनीकी रूप से दक्ष बनाया जा रहा है, ताकि आगामी गणना कार्य सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।

Vikas Chawada (Udaipur)

Vikas Chawada (Udaipur)

नाम: विकास चावड़ा

वर्तमान पद: संवाददाता (दैनिक प्रातःकाल, फतहनगर क्षेत्र)

कार्यक्षेत्र: फतहनगर, तहसील: मावली, जिला: उदयपुर (राजस्थान)

अनुभव: साल 2020 से लगातार सक्रिय

बीट और मुख्य विषय 

  • स्थानीय समाचार: तहसील मावली के विभिन्न गांवों सहित फतहनगर-सनवाड़ पालिका क्षेत्र के स्थानीय समाचारों की नियमित कवरेज।
  • राजनैतिक एवं क्राइम: क्षेत्र की राजनीतिक हलचल, कानून-व्यवस्था और अपराध से जुड़ी घटनाओं की रिपोर्टिंग।
  • जन समस्याएं व समसामयिक विषय: स्थानीय नागरिकों की समस्याएं, बुनियादी सुविधाएं और समसामयिक मुद्दों पर नियमित लेखन व रिपोर्टिंग।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

हायर सेकेंडरी

Next Story