खेरवाड़ा में राजस्थान सरकार के ग्रामीण सेवा शिविर–2026 के तहत ग्राम पंचायत हींका में आयोजित शिविर में पात्र लाभार्थियों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ मौके पर ही उपलब्ध कराया गया। शिविर के दौरान आवेदन, सत्यापन और स्वीकृति की पूरी प्रक्रिया एक ही स्थान पर पूरी कर सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ दिलाया गया।


शिविर प्रभारी तहसीलदार रेवत राम के निर्देशन में समाज कल्याण विभाग के विशाल जोशी ने ग्राम विकास अधिकारी, स्थानीय प्रशासन तथा बीएसओ नारायण लाल पटेल के समन्वय से पात्र महिला कमला का सामाजिक सुरक्षा पेंशन के लिए आवेदन करवाया। इसके बाद आवेदन का सत्यापन और स्वीकृति भी शिविर में ही सुनिश्चित की गई, जिससे उन्हें प्रतिमाह 1300 रुपये की सामाजिक सुरक्षा पेंशन का लाभ स्वीकृत हुआ।

इसी प्रकार शिविर में विधवा महिला बबली देवी का जनआधार अपडेट करवाकर सामाजिक सुरक्षा पेंशन के लिए आवेदन कराया गया। संबंधित विभागों के समन्वय से आवेदन का सत्यापन और स्वीकृति भी मौके पर ही कर दी गई। साथ ही उनके तीनों बच्चों साहिल, निशा एवं आर्यन को पालनहार योजना का लाभ भी स्वीकृत कराया गया।

इस प्रक्रिया के बाद बबली देवी के परिवार को सामाजिक सुरक्षा पेंशन और पालनहार योजना के माध्यम से कुल 5800 रुपये प्रतिमाह की आर्थिक सहायता स्वीकृत हुई। इसमें 1300 रुपये प्रतिमाह विधवा पेंशन तथा तीनों बच्चों के लिए 1500-1500 रुपये प्रतिमाह पालनहार योजना का लाभ शामिल है।

शिविर में उपस्थित जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने कहा कि ग्रामीण सेवा शिविरों का उद्देश्य पात्र व्यक्तियों को सरकारी योजनाओं का लाभ त्वरित और सरल प्रक्रिया के माध्यम से उपलब्ध कराना है, ताकि कोई भी पात्र नागरिक सरकारी सहायता से वंचित न रहे। कार्यक्रम में एडीओ अरुण कुमार सिंह, बीएसओ नारायण लाल पटेल सहित जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान लाभार्थियों को प्रमाण पत्र भी प्रदान किए गए।

Dinesh Kumar Jain, Kherwara(Udaipur)

Dinesh Kumar Jain, Kherwara(Udaipur)

दिनेश कुमार जैन पत्रकारिता जगत का एक अनुभवी और विश्वसनीय नाम हैं। उन्होंने पिछले लगभग 8 वर्षों से प्रिंट मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय रहकर जनहित से जुड़े मुद्दों, प्रशासनिक गतिविधियों, ग्रामीण विकास, सामाजिक सरोकारों तथा स्थानीय समस्याओं को प्रमुखता से उठाया है।

उन्होंने जनवरी 2020 से प्रतिष्ठित समाचार पत्र दैनिक नवज्योति में संवाददाता, खेरवाड़ा एवं नयागांव ब्लॉक (जिला उदयपुर) के रूप में कार्य करते हुए तहसील एवं ब्लॉक स्तर की खबरों को प्रभावी ढंग से पाठकों तक पहुंचाया। इससे पूर्व वे लगभग दो वर्षों तक राजस्थान पत्रिका से भी जुड़े रहे, जहां उन्होंने क्षेत्रीय पत्रकारिता में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

खेरवाड़ा, नयागांव तथा आसपास के ग्रामीण एवं आदिवासी क्षेत्रों की जमीनी समस्याओं, विकास कार्यों, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि एवं सामाजिक मुद्दों पर उनकी विशेष पकड़ रही है। निष्पक्ष, तथ्यपरक और जनहित आधारित पत्रकारिता उनकी पहचान है।

वर्तमान में प्रातःकाल के साथ जुड़कर वे अपने व्यापक अनुभव और क्षेत्रीय समझ के माध्यम से पाठकों तक सटीक, विश्वसनीय और प्रभावशाली समाचार पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं। उनकी पत्रकारिता का उद्देश्य समाज की आवाज को सशक्त मंच प्रदान करना तथा जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाना है।

Next Story