नवाघरा पंचायत में सरपंच चुनाव परिणाम के बाद हिंसा, पथराव और आगजनी से मचा हड़कंप
राजस्थान के खेरवाड़ा की नवाघरा ग्राम पंचायत में सरपंच चुनाव परिणाम घोषित होते ही विवाद हिंसक हो गया। पुष्पादेवी की जीत के बाद हारे प्रत्याशी के समर्थकों ने मतगणना स्थल पर पथराव, वाहनों में तोड़फोड़ और आगजनी की।

राजस्थान के खेरवाड़ा की नवाघरा ग्राम पंचायत में सरपंच चुनाव परिणाम के बाद हुई हिंसा के दौरान क्षतिग्रस्त कारें और वाहन।
राजस्थान के खेरवाड़ा पंचायत समिति की नवाघरा ग्राम पंचायत में सरपंच चुनाव का परिणाम घोषित होते ही हिंसा भड़क उठी। गुरुवार देर रात करीब 11:30 बजे पुष्पादेवी की जीत की घोषणा के बाद हारे हुए प्रत्याशी के समर्थकों ने मतगणना स्थल पर पथराव कर दिया। आक्रोशित भीड़ ने वहां खड़े वाहनों में तोड़फोड़ की और आग लगा दी। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार, पुष्पादेवी की जीत की घोषणा के बाद विजयी प्रत्याशी को मतगणना स्थल से घर पहुंचाया जा रहा था। इसी दौरान हारे हुए प्रत्याशी के समर्थकों ने हंगामा शुरू कर दिया। देखते ही देखते आक्रोशित लोगों ने मतगणना स्थल पर पथराव शुरू कर दिया। वहां खड़े वाहनों के शीशे तोड़ दिए गए और वाहनों में जमकर तोड़फोड़ करने के बाद आगजनी की गई।
घटना की सूचना मिलते ही बावलवाड़ा सहित आसपास के पुलिस थानों से अतिरिक्त पुलिस जाब्ता मौके पर पहुंचा। पुलिस ने आक्रोशित भीड़ को खदेड़कर स्थिति नियंत्रित करने का प्रयास किया और हालात पर काबू पाया। वहीं, आग बुझाने के लिए दमकल वाहन को मौके पर बुलाया गया, जिसके बाद आग पर नियंत्रण पाया गया।
गौरतलब है कि राजस्थान में पंचायतीराज चुनाव के तीसरे चरण के तहत गुरुवार को 3716 ग्राम पंचायतों में पंच और सरपंच पदों के लिए मतदान हुआ था। इसके बाद देर रात तक विभिन्न ग्राम पंचायतों के चुनाव परिणाम घोषित किए जा रहे थे। इसी दौरान नवाघरा ग्राम पंचायत में चुनाव परिणाम सामने आने के बाद विवाद ने हिंसक रूप ले लिया।
नवाघरा में मतगणना के बाद हुए पथराव, वाहनों में तोड़फोड़ और आगजनी की घटना से क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मोर्चा संभालते हुए भीड़ को खदेड़ा और स्थिति पर नियंत्रण किया। चुनाव परिणाम के बाद हुई इस घटना ने क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर स्थिति को गंभीर बना दिया।

Dinesh Kumar Jain, Kherwara(Udaipur)
दिनेश कुमार जैन पत्रकारिता जगत का एक अनुभवी और विश्वसनीय नाम हैं। उन्होंने पिछले लगभग 8 वर्षों से प्रिंट मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय रहकर जनहित से जुड़े मुद्दों, प्रशासनिक गतिविधियों, ग्रामीण विकास, सामाजिक सरोकारों तथा स्थानीय समस्याओं को प्रमुखता से उठाया है।
उन्होंने जनवरी 2020 से प्रतिष्ठित समाचार पत्र दैनिक नवज्योति में संवाददाता, खेरवाड़ा एवं नयागांव ब्लॉक (जिला उदयपुर) के रूप में कार्य करते हुए तहसील एवं ब्लॉक स्तर की खबरों को प्रभावी ढंग से पाठकों तक पहुंचाया। इससे पूर्व वे लगभग दो वर्षों तक राजस्थान पत्रिका से भी जुड़े रहे, जहां उन्होंने क्षेत्रीय पत्रकारिता में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
खेरवाड़ा, नयागांव तथा आसपास के ग्रामीण एवं आदिवासी क्षेत्रों की जमीनी समस्याओं, विकास कार्यों, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि एवं सामाजिक मुद्दों पर उनकी विशेष पकड़ रही है। निष्पक्ष, तथ्यपरक और जनहित आधारित पत्रकारिता उनकी पहचान है।
वर्तमान में प्रातःकाल के साथ जुड़कर वे अपने व्यापक अनुभव और क्षेत्रीय समझ के माध्यम से पाठकों तक सटीक, विश्वसनीय और प्रभावशाली समाचार पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं। उनकी पत्रकारिता का उद्देश्य समाज की आवाज को सशक्त मंच प्रदान करना तथा जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाना है।
