उदयपुर। मेवाड़ की धरती पर समाज एकता और सशक्तिकरण का प्रतीक बनने जा रहा है राजस्थान का बहुप्रतीक्षित कलाल महाधिवेशन, जो आगामी रविवार, 9 नवम्बर को बेड़वास स्थित सत्यनाम वाटिका में भव्य रूप से आयोजित होगा। अखिल भारतीय कलाल महासभा मेवाड़, उदयपुर संभाग द्वारा आयोजित इस महाधिवेशन की तैयारियां जोरों पर हैं। समाज के विकास, संगठन और आत्मगौरव की भावना को समर्पित यह आयोजन अब पूरे राज्य में चर्चा का केंद्र बन गया है।

महाधिवेशन की तैयारियों की शुरुआत गुरुवार को विधिवत भूमि पूजन और पोस्टर विमोचन कार्यक्रम से हुई। इस अवसर पर समाज के वरिष्ठ पदाधिकारी, गणमान्यजन और बड़ी संख्या में समाजबंधु उपस्थित रहे। समारोह में पारंपरिक विधि-विधान से भूमि पूजन के बाद कार्यक्रम के पोस्टर का लोकार्पण किया गया, जिससे आयोजन की आधिकारिक शुरुआत हुई।

राष्ट्रीय युवा अध्यक्ष डॉ. राजा चौधरी ने बताया कि इस महाधिवेशन में देशभर से कलाल समाज के प्रतिनिधि, वरिष्ठजन, महिलाएँ और युवा बड़ी संख्या में शामिल होंगे। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य समाज की एकता, शिक्षा, रोजगार और सामाजिक प्रगति की दिशा में ठोस पहल करना है। उन्होंने कहा कि यह आयोजन समाज को नई दिशा देने वाला ऐतिहासिक अवसर बनेगा।

महाधिवेशन में मुख्य अतिथि के रूप में उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री रविंद्र जायसवाल उपस्थित रहेंगे, जबकि अध्यक्षता पूर्व विधायक एवं अखिल भारतीय जायसवाल महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रकाश चौधरी करेंगे। इस अवसर पर राष्ट्रीय स्तर के पदाधिकारी, समाजसेवी और क्षेत्रीय नेता भी मौजूद रहेंगे, जो समाज के सशक्त भविष्य की रूपरेखा प्रस्तुत करेंगे।

पोस्टर विमोचन कार्यक्रम में अखिल भारतीय सर्ववर्गीय जायसवाल समाज के राष्ट्रीय संरक्षक एवं पूर्व विधायक बड़ीसादड़ी प्रकाश चौधरी, राष्ट्रीय युवा अध्यक्ष डॉ. राजा चौधरी, भंवर सुहालका, लोकेश सुहालका, सूर्यप्रकाश सुहालका, कैलाश पुर्बिया, पूर्व पार्षद एवं राष्ट्रीय महिला कोषाध्यक्ष चंदा सुहालका, चौधरी मेवाड़ा समाज अध्यक्ष लोकेश चौधरी, अखिल भारतीय मेवाड़ा क्षत्रिय कलाल महासभा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अशोक चौधरी, रमेश चौधरी, अंतोष चौधरी, गिरवर चौधरी और नारायण चौधरी सहित अनेक गणमान्यजन उपस्थित थे।

समारोह में उपस्थित वक्ताओं ने एकस्वर में कहा कि समाज के संगठन और जागरूकता से ही प्रगति का मार्ग प्रशस्त होता है। इस महाधिवेशन के माध्यम से नई पीढ़ी को समाज की जड़ों से जोड़ने और आत्मसम्मान की भावना को सशक्त करने का संदेश दिया जाएगा।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story