राजस्थान जूनियर एक्वाटिक चैम्पियनशिप: उदयपुर के तैराकों का दबदबा, संध्या ने जीते 4 पदक
राजस्थान जूनियर एक्वाटिक चैम्पियनशिप-2026 में उदयपुर के बालाजी तरणताल क्लब के तैराकों ने पदकों की बौछार कर दी है। संध्या के चार पदकों सहित अन्य तैराकों के शानदार प्रदर्शन ने खेलगांव में उदयपुर का गौरव बढ़ाया। जानें पूरी खबर और विजेताओं की सूची।

राजस्थान जूनियर एक्वाटिक चैम्पियनशिप में पदक जीतने वाले बालाजी तरणताल के तैराक उदयपुर के खेलगांव में।
खेरवाड़ा स्थित महाराणा प्रताप खेलगांव, उदयपुर में आयोजित राजस्थान जूनियर एक्वाटिक चैम्पियनशिप-2026 में बालाजी तरणताल (बीटीएस स्विमिंग क्लब) के तैराकों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए कई पदक जीतकर उदयपुर का मान बढ़ाया है। इस राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में क्लब की तैराक संध्या सबसे सफल खिलाड़ी बनकर उभरीं, जिन्होंने व्यक्तिगत और टीम स्पर्धाओं में कुल चार पदक अपने नाम किए। संध्या ने 200 मीटर बटरफ्लाई स्पर्धा में रजत पदक जीता, जबकि 100 मीटर बटरफ्लाई, 400 मीटर इंडिविजुअल मेडले (आईएम) और 4×100 मीटर फ्रीस्टाइल रिले में उन्होंने कांस्य पदक प्राप्त किए।
क्लब के अन्य तैराकों का प्रदर्शन भी उल्लेखनीय रहा। मंथन कुमावत ने 4×50 मीटर मेडले रिले में रजत, तथा 100 मीटर बटरफ्लाई और 4×50 मीटर फ्रीस्टाइल रिले में कांस्य पदक जीते। हिमांश मालवीय ने 4×50 मीटर मेडले रिले में रजत और 4×50 मीटर फ्रीस्टाइल रिले में कांस्य पदक हासिल किया। सुभाष भाकर ने 4×50 मीटर मेडले रिले में रजत एवं 100 मीटर ब्रेस्टस्ट्रोक में कांस्य पदक पर कब्जा जमाया। इसके अतिरिक्त, अमन वैष्णव ने 1500 मीटर फ्रीस्टाइल और 4×50 मीटर मेडले रिले में कांस्य पदक जीते। साथ ही सौरभ कुमावत, संयम मीणा तथा नंदिनी सिंह बल्ला ने भी रिले स्पर्धाओं में कांस्य पदक जीतकर क्लब की इस उल्लेखनीय सफलता में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
बालाजी तरणताल की डायरेक्टर डॉ. ऋषिका सुखवाल ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि खिलाड़ियों की यह सफलता उनकी कड़ी मेहनत, नियमित अभ्यास, अनुशासन और प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन का परिणाम है। उन्होंने विश्वास जताया कि क्लब के तैराक आगामी राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भी अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन जारी रखेंगे और उदयपुर तथा राजस्थान का नाम रोशन करेंगे। पदक विजेता खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर जिला शिक्षा अधिकारी (मु.) दीपक गौड़, जिला खेल अधिकारी महेश पालीवाल एवं प्रशिक्षक पियूष सुखवाल, संदीप सोनी और परेश पटेल ने सभी विजेताओं को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

Dinesh Kumar Jain, Kherwara(Udaipur)
दिनेश कुमार जैन पत्रकारिता जगत का एक अनुभवी और विश्वसनीय नाम हैं। उन्होंने पिछले लगभग 8 वर्षों से प्रिंट मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय रहकर जनहित से जुड़े मुद्दों, प्रशासनिक गतिविधियों, ग्रामीण विकास, सामाजिक सरोकारों तथा स्थानीय समस्याओं को प्रमुखता से उठाया है।
उन्होंने जनवरी 2020 से प्रतिष्ठित समाचार पत्र दैनिक नवज्योति में संवाददाता, खेरवाड़ा एवं नयागांव ब्लॉक (जिला उदयपुर) के रूप में कार्य करते हुए तहसील एवं ब्लॉक स्तर की खबरों को प्रभावी ढंग से पाठकों तक पहुंचाया। इससे पूर्व वे लगभग दो वर्षों तक राजस्थान पत्रिका से भी जुड़े रहे, जहां उन्होंने क्षेत्रीय पत्रकारिता में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
खेरवाड़ा, नयागांव तथा आसपास के ग्रामीण एवं आदिवासी क्षेत्रों की जमीनी समस्याओं, विकास कार्यों, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि एवं सामाजिक मुद्दों पर उनकी विशेष पकड़ रही है। निष्पक्ष, तथ्यपरक और जनहित आधारित पत्रकारिता उनकी पहचान है।
वर्तमान में प्रातःकाल के साथ जुड़कर वे अपने व्यापक अनुभव और क्षेत्रीय समझ के माध्यम से पाठकों तक सटीक, विश्वसनीय और प्रभावशाली समाचार पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं। उनकी पत्रकारिता का उद्देश्य समाज की आवाज को सशक्त मंच प्रदान करना तथा जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाना है।
