राजस्थान में निवेश एवं पर्यटन को बढ़ावा देने तथा देश-विदेश में रह रहे प्रवासी राजस्थानियों को प्रदेश के विकास से जोड़ने के उद्देश्य से उद्योग भवन, जयपुर में राजस्थान सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई। बैठक में पाटिया, खेरवाड़ा निवासी प्रवासी भारतीय सतीश पंचाल ने भी भागीदारी की।

सतीश पंचाल राजस्थान फाउंडेशन कुवैत शाखा के सचिव, निवेशक एवं सामाजिक कार्यकर्ता हैं। बैठक में उनके साथ डॉ. अरुण अग्रवाल ने भी भाग लिया। इस दौरान उद्योग एवं वाणिज्य विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव शिखर अग्रवाल, आयुक्त डॉ. मनीषा अरोड़ा सहित राजस्थान फाउंडेशन एवं निवेश प्रोत्साहन ब्यूरो के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ विभिन्न विषयों पर चर्चा हुई।

बैठक में निवेश संबंधी समझौतों, प्रस्तावित परियोजनाओं, राज निवेश, शिकायतों एवं लंबित प्रकरणों पर विचार-विमर्श किया गया। इसके साथ ही राजस्थान में अधिक निवेश आकर्षित करने, पर्यटन को बढ़ावा देने और प्रवासी राजस्थानियों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के उपायों पर चर्चा हुई।

प्रवासी राजस्थानियों तक पहुंच बढ़ाने के लिए राजस्थान फाउंडेशन की ई-पत्रिका “माटी रो संदेश” के माध्यम से नए प्रवासियों का पंजीकरण कराने और संपर्क नेटवर्क को मजबूत करने पर जोर दिया गया। साथ ही कुवैत में प्रवासी राजस्थानियों के विशेष कार्यक्रम आयोजित करने तथा मुख्यमंत्री, मंत्रिमंडल के सदस्यों एवं वरिष्ठ अधिकारियों को कुवैत आमंत्रित करने के संबंध में भी चर्चा हुई।

बैठक में प्रवासी राजस्थानियों की विशेषज्ञता, अनुभव एवं निवेश क्षमता का उपयोग प्रदेश के विकास, रोजगार एवं पर्यटन विस्तार में करने पर विशेष जोर दिया गया। बैठक में उपस्थित पदाधिकारी एवं निवेशक भी मौजूद रहे।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story