राजस्थान आबकारी विभाग का अवैध शराब पर एक्शन, हजारों लीटर वॉश नष्ट
आबकारी आयुक्त नमित मेहता के निर्देश पर 1 से 15 मई तक विशेष अभियान, उदयपुर, बांसवाड़ा और चित्तौड़गढ़ सहित कई जिलों में छापेमारी कर भट्टियां की गईं ध्वस्त।

उदयपुर। राजस्थान में अवैध मदिरा के काले कारोबार को जड़ से उखाड़ने के लिए आबकारी विभाग ने 'जीरो टॉलरेंस' की नीति के साथ भीषण अभियान छेड़ दिया है। आबकारी आयुक्त नमित मेहता के कड़े निर्देशानुसार, प्रदेश में अवैध मदिरा के निर्माण, भंडारण, परिवहन और विक्रय पर अंकुश लगाने हेतु 1 से 15 मई तक विशेष निरोधात्मक अभियान चलाया जा रहा है। इस मुहिम के अंतर्गत अतिरिक्त आबकारी आयुक्त (पॉलिसी) प्रदीप सिंह सांगावत एवं अतिरिक्त आबकारी आयुक्त (प्रशासन) अनिल कुमार शर्मा के सुपरविजन में विभाग की निरोधक टीमों ने नाकाबंदी, गश्त और रेड की प्रभावी कार्यवाही करते हुए हजारों लीटर वॉश और भट्टियों को नष्ट कर कई अभियुक्तों को सलाखों के पीछे पहुँचाया है।
अभियान के दौरान बांसवाड़ा जिले में आबकारी थाना क्षेत्र बांसवाड़ा एवं कुशलगढ़ में बड़ी दबिश दी गई, जहां कार्रवाई करते हुए 2 हजार लीटर वॉश मौके पर ही नष्ट कर दी गई और 42 बोतल अवैध हथकढ़ शराब जब्त की गई। इस मामले में दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है। वहीं, चित्तौड़गढ़ के निम्बाहेड़ा थाना क्षेत्र में गश्त और दबिश के दौरान 100 लीटर वॉश के साथ एक चालू चूल्हा भट्टी को भी ध्वस्त किया गया, यहाँ से 10 बोतल अवैध शराब बरामद कर अभियोग दर्ज किया गया है। हनुमानगढ़ में मुखबिर की सूचना पर अमरपुरा थेड़ी से ढ़ालिया क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए मोटरसाइकिल पर ले जाई जा रही 55 लीटर अवैध हथकढ़ शराब जब्त की गई, हालांकि आरोपी मौके से फरार होने में सफल रहा जिसकी तलाश जारी है। ब्यावर में भी आबकारी निरोधक दल ने 200 लीटर वॉश नष्ट कर 27 बोतल अवैध शराब बरामद की और एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया। वर्तमान में प्रदेश के समस्त जिलों में अतिरिक्त आबकारी आयुक्त जोन, आबकारी उपायुक्त और जिला आबकारी अधिकारियों के नेतृत्व में सघन गश्त और नाकाबंदी जारी है, ताकि अन्य राज्यों से होने वाली शराब तस्करी और अवैध बिक्री पर पूरी तरह लगाम लगाई जा सके।

