राजस्थान: अवैध शराब के खिलाफ आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई, हजारों लीटर वॉश नष्ट
आबकारी विभाग ने जीरो टोलरेंस नीति के तहत उदयपुर, हनुमानगढ़, चित्तौड़गढ़ और बांसवाड़ा सहित कई जिलों में दबिश देकर भारी मात्रा में अवैध मदिरा और भट्टियां पकड़ीं।

उदयपुर(वि.)। राज्य में शराब की तस्करी, अवैध मदिरा निर्माण, भण्डारण, परिवहन एवं विक्रय पर रोकथाम के लिए आबकारी विभाग की ओर से विशेष निरोधात्मक अभियान के तहत आबकारी निरोधक दलों द्वारा गश्त, नाकाबंदी एवं दबिश की कार्रवाई करते हुए हजारों लीटर वॉश, भट्टियां नष्ट करते हुए अवैध मदिरा को जब्त किया गया।
जीरो टोलरेंस नीति के तहत प्रदेशव्यापी कार्रवाई
आबकारी आयुक्त के निर्देश पर प्रदेश में "जीरो टोलरेंस की नीति अपनाते हुए अन्य राज्य की शराब की तस्करी, अवैध मदिरा के परिवहन व विक्रय पर आबकारी निरोधक टीमों द्वारा कार्यवाही की जा रही है।" इसी क्रम में हनुमानगढ़ जिले में आबकारी थाना हनुमानगढ़ एवं संगरिया ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए पन्नीवाली, फतेहपुर, अमरपुरा थेड़ी में 1200 लीटर वॉश नष्ट किया। चुरू में आबकारी निरोधक दल ने 82 पव्वे देशी मदिरा एवं 12 लीटर अवैध हथकड़ शराब जब्त की।
विभिन्न जिलों में दबिश और बरामदगी
नागौर के परबतसर में पड़त दुकानों के क्षेत्र में दबिश की कार्रवाई कर 500 लीटर वॉश नष्ट करते हुए 10 लीटर हथकड़ शराब बरामद की गई एवं मौके पर 2 अभियोग दर्ज किए गए। चित्तौड़गढ़ जिले में आबकारी थाना क्षेत्र निम्बाहेड़ा में नाकाबंदी के दौरान ईको वेन से देशी मदिरा सादा के 8 कार्टन, देशी मदिरा लॉयन सादा के 4 कार्टन, बीयर टुबोर्ग स्ट्रोंग प्रिमियम के 2 कार्टन सहित 14 कार्टन शराब एवं बीयर बरामद की गई। इस मामले में वाहन चालक पुसलाल प्रजापत के विरूद्ध अभियोग दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।
भारी मात्रा में महुवा वॉश और भट्टियां ध्वस्त
बांसवाड़ा जिले में आबकारी थाना क्षेत्र बांसवाड़ा व कुशलगढ़ में दबिश की कार्रवाई में 3 हजार लीटर महुवा वॉश नष्ट किया गया तथा मौके से 48 बोतल अवैध हथकड़ शराब जब्त कर 4 अभियोग दर्ज किए गए। इसी प्रकार प्रदेश में अन्य जिलों में भी आबकारी निरोधक दलों द्वारा नाकाबंदी, गश्त एवं दबिश की कार्रवाई कर अवैध मदिरा निर्माण, भण्डारण, परिवहन एवं विक्रय पर कार्रवाई की जा रही है।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
