परिवार के मुखिया की वैध पहचान से अन्य सदस्य भी कर सकेंगे मतदान, 11 दस्तावेज मान्य
राजस्थान निकाय चुनाव में वोटर आईडी नहीं होने पर 11 वैकल्पिक दस्तावेज मान्य होंगे। परिवार के मुखिया की पहचान से अन्य सदस्य भी मतदान कर सकेंगे।

नगरपालिका एवं पंचायतीराज संस्थाओं के चुनाव में मतदान को लेकर राज्य निर्वाचन आयोग ने मतदाताओं की पहचान सुनिश्चित करने के लिए दिशा-निर्देश जारी किए हैं। आयोग ने स्पष्ट किया है कि मतदान के समय प्रत्येक मतदाता की पहचान सुनिश्चित होना जरूरी है। मतदाता पहचान पत्र (वोटर आईडी) उपलब्ध नहीं होने पर मतदाता 11 वैकल्पिक फोटो पहचान दस्तावेजों में से किसी एक को प्रस्तुत कर मतदान कर सकेगा।
आयोग के अनुसार मतदान के लिए आधार कार्ड, विकसित भारत—गारंटी फॉर रोजगार और आजीविका मिशन (ग्रामीण) (VB-G RAM G) / मनरेगा कार्ड, बैंक या डाकघर की फोटोयुक्त पासबुक, श्रम मंत्रालय की योजना के अंतर्गत जारी स्वास्थ्य बीमा स्मार्ट कार्ड / आयुष्मान भारत हेल्थ कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, पैन कार्ड, भारतीय पासपोर्ट, फोटोयुक्त पेंशन दस्तावेज, केंद्र या राज्य सरकार, लोक उपक्रम अथवा पब्लिक लिमिटेड कंपनियों द्वारा कर्मचारियों को जारी फोटोयुक्त पहचान पत्र, सांसद एवं विधानसभा सदस्यों को जारी सरकारी पहचान पत्र और यूडीआईडी (Unique Disability ID) कार्ड मान्य होंगे।
राज्य निर्वाचन आयोग ने मतदाताओं से विशेष ध्यान रखने को कहा है कि वे मतदान केंद्र पर अपनी पहचान के लिए इन 11 वैकल्पिक फोटो पहचान दस्तावेजों में से कोई एक दस्तावेज साथ लेकर आएं।
आयोग ने परिवार के सदस्यों के मतदान से जुड़ी एक महत्वपूर्ण व्यवस्था भी स्पष्ट की है। यदि परिवार के मुखिया के पास इन 11 दस्तावेजों में से कोई एक वैध फोटो पहचान दस्तावेज उपलब्ध है, तो परिवार के अन्य सदस्यों की पहचान परिवार के मुखिया द्वारा किए जाने पर उन्हें भी मतदान कराया जा सकेगा।
इस व्यवस्था के तहत मतदाता पहचान पत्र उपलब्ध नहीं होने की स्थिति में वैकल्पिक फोटो पहचान दस्तावेजों के माध्यम से पहचान सुनिश्चित कर मतदान की प्रक्रिया पूरी की जा सकेगी।

Dharnendra Jain( Kherwara)
नाम: धरणेन्द्र जैन
वर्तमान पद: सीनियर रिपोर्टर (प्रातः काल दैनिक, खेरवाड़ा विधानसभा)
कार्यक्षेत्र: खेरवाड़ा विधानसभा क्षेत्र (खेरवाड़ा, ऋषभदेव, और नयागांव उपखंड क्षेत्र, जिला उदयपुर, राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): राजनीति, क्राइम, प्रशासन सहित सभी क्षेत्रों की खबरें
अनुभव: 30 वर्ष से अधिक
परिचय
धरणेन्द्र जैन उदयपुर जिले के खेरवाड़ा विधानसभा क्षेत्र के एक अत्यंत अनुभवी और वरिष्ठ पत्रकार हैं। वर्तमान में वह 'प्रातः काल दैनिक' में सीनियर रिपोर्टर के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। वह मुख्य रूप से खेरवाड़ा, ऋषभदेव और नयागांव उपखंड क्षेत्र को कवर करते हैं। धरणेन्द्र जैन राजनीति, क्राइम, स्थानीय प्रशासन सहित क्षेत्र के सभी प्रमुख विषयों पर नियमित रूप से समाचार लिखते हैं।
पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)
धरणेन्द्र जैन को पत्रकारिता के क्षेत्र में तीन दशकों (30 वर्ष) से अधिक का व्यापक और लंबा अनुभव है:
- वह साल 1995 से पत्रकारिता क्षेत्र में निरंतर कार्यरत हैं।
- उन्होंने वर्ष 1998 से 2018 तक लगातार 20 वर्षों तक 'दैनिक भास्कर' में खेरवाड़ा विधानसभा क्षेत्र के लिए सीनियर रिपोर्टिंग की है।
- वर्ष 2018 से वह लगातार 'प्रातः काल' समाचार पत्र से जुड़े हुए हैं और क्षेत्र की कमान संभाल रहे हैं।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
उन्होंने वाणिज्य स्नातक (B.Com) की डिग्री हासिल की है।
