खेरवाड़ा। दिल्ली फिल्म इंडस्ट्री में राजस्थान के खेरवाड़ा उपखंड के नयागांव का मान बढ़ा है। सरेरा ग्राम पंचायत की प्रशासक एवं भाजपा मंडल नयागांव की अध्यक्ष दुर्गा भगोरा को दिल्ली स्थित स्टूडियो में एक विशेष फिल्म के निर्माण में सहभागिता का अवसर प्राप्त हुआ है। जल ग्रहण एवं जल संरक्षण के विषय पर आधारित इस फिल्म में उन्हें प्रसिद्ध अभिनेता अनूप सोनी के साथ स्क्रीन साझा करने का महत्वपूर्ण अवसर मिला।

दुर्गा भगोरा का यह चयन संयोग नहीं, बल्कि उनके द्वारा किए गए धरातलीय कार्यों का परिणाम है। सरेरा ग्राम पंचायत में वाटरशेड परियोजना के अंतर्गत 10 हेक्टेयर बंजर चारागाह भूमि पर व्यापक स्तर पर फलदार एवं छायादार पौधों का रोपण कर पर्यावरण संरक्षण और हरित विकास की जो मिसाल पेश की गई थी, उसी उपलब्धि को आधार बनाकर उन्हें इस फिल्म के लिए चुना गया। इस गौरवपूर्ण अवसर के लिए पूरे राजस्थान से केवल दो व्यक्तियों का चयन किया गया था, जिनमें दुर्गा भगोरा का नाम शामिल होना पूरे जिले के लिए एक बड़ी उपलब्धि है।

फिल्म शूटिंग के अनुभव को साझा करते हुए दुर्गा भगोरा ने बताया कि इस प्रक्रिया ने उन्हें न केवल नई ऊर्जा प्रदान की, बल्कि व्यक्तित्व विकास की नई संभावनाओं के द्वार भी खोले हैं। उन्होंने इस अवसर के लिए फिल्म निर्माण टीम के प्रति आभार व्यक्त किया। उधर, क्षेत्रवासियों और भाजपा कार्यकर्ताओं ने इसे नयागांव क्षेत्र के लिए गौरव का विषय बताया है। शुभचिंतकों का मानना है कि ग्रामीण परिवेश से जुड़ी महिलाओं का इस तरह राष्ट्रीय मंच पर प्रतिनिधित्व करना अन्य महिलाओं के लिए एक प्रेरणादायक उदाहरण है। यह उपलब्धि न केवल दुर्गा भगोरा के व्यक्तिगत करियर में एक नया अध्याय है, बल्कि सरेरा पंचायत के विकास कार्यों को राष्ट्रीय फलक पर पहचान दिलाने वाली साबित हुई है।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story