उदयपुर में राजस्थान स्थापना दिवस समारोह: 14 से 19 मार्च तक होंगे भव्य कार्यक्रम
जिला कलक्टर नमित मेहता ने उत्सव के सफल आयोजन हेतु नोडल अधिकारी नियुक्त किए, 14 मार्च से स्वच्छता सप्ताह और विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों का होगा आगाज़।

उदयपुर(वि.)। राजस्थान स्थापना दिवस समारोह के उपलक्ष्य में झीलों की नगरी में 14 मार्च से 19 मार्च तक विभिन्न रंगारंग और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों की श्रृंखला आयोजित की जाएगी। जिला कलक्टर नमित मेहता ने इन कार्यक्रमों के सुचारू संचालन हेतु विभिन्न विभागों के अधिकारियों को नोडल और सहायक नोडल अधिकारी नियुक्त किया है।
स्वच्छता संदेश से सांस्कृतिक संध्या तक के आयोजन
समारोह की शुरुआत स्वच्छता के संदेश के साथ होगी और समापन भव्य सांस्कृतिक संध्या व आतिशबाजी से किया जाएगा। 14 मार्च को सात दिवसीय स्वच्छता सप्ताह का भव्य शुभारंभ शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में किया जाएगा। 15 मार्च को विकसित राजस्थान रन और डिजिटल क्विज और कॉलेजों में निबंध व चित्रकारी प्रतियोगिताएं होंगी। इसी दिन टाउन हॉल में एक जिला-एक उत्पाद मेले का भी शुभारंभ होगा। 16 मार्च को राजस्थानी जनजातीय गौरव दिवस मनाया जाएगा, जिसके तहत पंडित दीनदयाल उपाध्याय सभागार में जनजातीय प्रतिनिधियों से संवाद, विकास कार्यों के शिलान्यास और जनजाति कला प्रदर्शनी का आयोजन होगा।
संवाद, रोजगार और भक्ति का संगम
17 मार्च को युवा शक्ति और उद्योग संवाद के तहत रोजगार मेला, स्टार्टअप चर्चा और उद्योगपतियों के साथ संवाद कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस दौरान निजी क्षेत्र में चयनित युवाओं को रोजगार पत्र भी सौंपे जाएंगे। 18 मार्च को किसानों और पशुपालकों के साथ संवाद के साथ-साथ शाम को मांझी का घाट और जगदीश मंदिर सहित प्रमुख मंदिरों में भव्य महाआरती का आयोजन होगा। 19 मार्च को मुख्य समारोह और सांस्कृतिक संध्या होगी। मुख्य समारोह में लाभार्थियों के साथ संवाद और लाभ हस्तांतरण होगा। शाम को भारतीय लोक कला मण्डल में सांस्कृतिक संध्या सजेगी और शहर के प्रमुख चौराहों व सरकारी कार्यालयों को आकर्षक रोशनी से सजाया जाएगा।
प्रशासन ने तैयारियों को दिया अंतिम रूप
जिला कलक्टर ने सभी आयोजनों को सुचारू एवं गरिमामय ढंग से आयोजित करने के निर्देश दिए। साथ ही अतिरिक्त जिला कलक्टर (नगर) को इन सभी कार्यक्रमों का मुख्य समन्वयक नियुक्त किया गया है। इसके साथ ही सभी आयोजनों के लिए नोडल एवं सहायक नोडल अधिकारी भी नियुक्त किए हैं। जिला कलक्टर ने सभी विभागों को निर्देश दिए हैं कि वे जनप्रतिनिधियों और आमजन की अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करें। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि "सभी कार्यक्रमों का आयोजन गरिमामय ढंग से हो और आमजन की सहभागिता इसमें अनिवार्य रूप से बनी रहे।"

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
