रायबरेली/अमेठी। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने अपने दो दिवसीय दौरे के दौरान केंद्र सरकार और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) पर तीखा प्रहार करते हुए राजनीतिक गलियारों में हलचल पैदा कर दी है। राहुल गांधी ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे आरएसएस के सामने जाकर स्पष्ट कहें कि प्रधानमंत्री, गृहमंत्री और उनका संगठन 'गद्दार' है। उन्होंने आरोप लगाया कि इन लोगों ने हिंदुस्तान को बेचने का काम किया है। रायबरेली में दिए गए इस बयान के साथ ही उन्होंने देश में आने वाले आर्थिक संकट की चेतावनी देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मोदी जनता को बचा नहीं पाएंगे। उन्होंने नोटबंदी और कोविड काल का स्मरण कराते हुए कटाक्ष किया कि जैसे तब प्रधानमंत्री टीवी पर आकर रोए थे, भविष्य में भी वैसी ही स्थिति होगी और वे फिर जनता से माफी मांगते नजर आएंगे।

रायबरेली से अमेठी पहुंचे राहुल गांधी ने अपने संबोधन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी के बीच हुई मुलाकातों को लेकर भी तंज कसा। उन्होंने कहा कि देश में व्यवसाय बंद हो रहे हैं और प्रधानमंत्री मेलोनी को टॉफी खिलाने और रील बनाने में व्यस्त हैं। उन्होंने भाजपा पर कटाक्ष करते हुए कहा कि जब वे देश की आर्थिक स्थिति और दीवार खड़ी करने की बात करते हैं, तो भाजपा उनका मजाक उड़ाती है, जबकि वास्तविकता यह है कि देश में आर्थिक स्थितियां चिंताजनक हैं। 19 मई को रायबरेली पहुंचे राहुल गांधी का लोकसभा चुनाव 2024 के बाद यह सातवां दौरा है, इससे पूर्व वे 19 जनवरी 2026 को रायबरेली आए थे। अमेठी प्रवास के दौरान उन्होंने संजय गांधी अस्पताल में मरीजों से मुलाकात की और इसके उपरांत दिल्ली के लिए रवाना हो गए।

राहुल गांधी के इस आक्रामक रुख पर भाजपा ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने राहुल गांधी को भारतीय राजनीति का 'राहु' करार देते हुए कहा कि यह उनकी अराजकतावादी मानसिकता को दर्शाता है जो देश की राजनीति को दूषित कर रही है। वहीं, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने उन्हें 'रिजेक्टेड माल' बताते हुए खारिज कर दिया। केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा कि सत्ता से दूर रहने की निराशा में राहुल गांधी प्रधानमंत्री मोदी को गाली देने के बहाने वास्तव में देश को अपमानित कर रहे हैं। इन तीखे बयानों के बीच राहुल गांधी के आक्रामक तेवर ने देश की सक्रिय राजनीति में एक बार फिर नए विवाद को जन्म दे दिया है।

Pratahkal HQ

Pratahkal HQ

Next Story