सागवाड़ा (प्रात:काल संवाददाता)। जिले में अवैध गतिविधियों पर सतर्कता बढ़ाते हुए डूंगरपुर स्पेशल पुलिस टीम और सागवाड़ा थाना पुलिस ने सागवाड़ा में एक होटल में वेश्यावृत्ति का भंडाफोड़ किया। पुलिस ने इस कार्रवाई में एक कॉन्स्टेबल को बोगस ग्राहक बनाकर भेजा, जिसके बाद दबिश देकर होटल संचालक और पांच महिलाओं को गिरफ्तार किया गया।

एडिशनल एसपी अशोक मीणा ने बताया कि जिले में अवैध गतिविधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में सागवाड़ा थाना क्षेत्र की होटल संतोष पर वेश्यावृत्ति की सूचना मिली। सूचना पर डूंगरपुर डीएसपी तपेंद्र मीणा सागवाड़ा पहुंचे और उन्होंने स्पेशल पुलिस टीम के साथ मिलकर होटल में छापेमारी की योजना बनाई।

पुलिस ने योजना के तहत एक कॉन्स्टेबल को 500-500 रुपए के दो नोट देकर बोगस ग्राहक बनाया और होटल भेजा। होटल में प्रभु नामक व्यक्ति काउंटर पर बैठा था और उसके पास पांच महिलाएं मौजूद थीं। बोगस ग्राहक बनने वाले कॉन्स्टेबल ने महिला उपलब्ध करवाने की बात की, जिस पर होटल संचालक ने 1,000 रुपए में महिलाओं को उपलब्ध कराने की बात कही और उपस्थित महिलाओं में से एक चुनने को कहा।

जैसे ही कॉन्स्टेबल ने एक महिला का चयन किया और उसे कमरे में ले गया, बाहर इंतजार कर रही पुलिस ने होटल पर दबिश दी। पुलिस ने होटल की पहली मंजिल पर काउंटर से होटल संचालक और चार महिलाओं को गिरफ्तार किया, जबकि एक महिला को कमरे से पकड़ा गया।

होटल संचालक प्रभु पुत्र हुरजी डोडियार मीणा, निवासी जोगपुर धातुआ फला चितरी, से पूछताछ में यह भी सामने आया कि प्रत्येक ग्राहक से 1,000 रुपए लिए जाते थे, जिसमें से 500 रुपए महिला को और 500 रुपए होटल रूम के लिए रखे जाते थे। सभी पांच महिलाओं को भी गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस आरोपियों से आगे की पूछताछ कर रही है।

यह कार्रवाई जिले में अवैध गतिविधियों पर सतर्कता और कानून के प्रभाव को दर्शाती है, जिससे यह स्पष्ट होता है कि पुलिस अवैध कार्यों के खिलाफ शून्य-सहिष्णुता नीति अपनाए हुए है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story