प्रताप गौरव केंद्र में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी मेले की झांकियों ने मोहा मन, लहरिया उत्सव में दिखी रंगत
प्रताप गौरव केंद्र में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी मेले के दूसरे दिन झांकियों, लहरिया उत्सव और नाव मनोरथ ने श्रद्धालुओं व दर्शकों को आकर्षित किया।

तस्वीर में प्रताप गौरव केंद्र के जन्माष्टमी उत्सव में नाव मनोरथ पूजन करते पुजारी।
प्रताप गौरव केंद्र ‘राष्ट्रीय तीर्थ’ में आयोजित तीन दिवसीय श्रीकृष्ण जन्माष्टमी मेला महोत्सव का दूसरा दिन भक्ति, उल्लास और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से सराबोर रहा। शनिवार को झांकी प्रतियोगिता, लहरिया उत्सव और नाव मनोरथ ने आयोजन को विशेष आकर्षण दिया। कृष्ण की लीलाओं और धार्मिक-सांस्कृतिक प्रसंगों पर आधारित झांकियों ने दर्शकों का मन मोह लिया।
प्रताप गौरव केंद्र के निदेशक अनुराग सक्सेना ने बताया कि वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप समिति, उदयपुर के अंतर्गत संचालित प्रताप गौरव केंद्र में चल रहे मेले की स्टॉल्स पर दिनभर शहरवासियों की रेलमपेल रही। शाम को चकरी-डोलर पर बच्चों की भीड़ रही।
महोत्सव के सहसंयोजक हिम्मत सिंह ने बताया कि शनिवार सुबह 9 बजे से झांकी प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसमें कृष्ण की लीलाओं और धार्मिक-सांस्कृतिक प्रसंगों की कलात्मक अभिव्यक्ति से सजी झांकियां प्रस्तुत की गईं।
झांकी प्रतियोगिता में भगवान एकलिंगनाथ सरस्वती संस्कार विद्यालय की झांकी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। विद्यालय को प्रथम स्थान के लिए 11 हजार रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की गई। राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय, बड़गांव की झांकी द्वितीय स्थान पर रही, जिसे 5 हजार रुपये की पुरस्कार राशि दी गई। आलोक राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय की झांकी तृतीय स्थान पर रही और उसे 2100 रुपये का पुरस्कार प्रदान किया गया। विद्या निकेतन उच्च प्राथमिक विद्यालय, बड़गांव की झांकी को सांत्वना पुरस्कार के रूप में 1100 रुपये प्रदान किए गए।
प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, बैरन, राजसमंद की प्रधानाचार्या रेखा महात्मा, ब्लॉक मुख्य शिक्षा अधिकारी बड़गांव किरण कोटिया तथा डाइट उदयपुर के प्राध्यापक संजय शाण्डिल्य शामिल रहे। निर्णायकों ने झांकियों की प्रस्तुति, विषय-वस्तु, रचनात्मकता, संदेश और विद्यार्थियों की सहभागिता सहित विभिन्न पहलुओं के आधार पर मूल्यांकन किया।
कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (सीआईडी) उदयपुर चेतना भाटी, जनजाति क्षेत्रीय विकास विभाग की उपायुक्त लतिका पालीवाल तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रतापगढ़ रोशन डांगी अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। अतिथियों ने विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं बच्चों में रचनात्मकता, आत्मविश्वास और सामाजिक विषयों के प्रति जागरूकता विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
सहसंयोजक जसवंत सिंह पुण्डीर ने बताया कि दोपहर में लहरिया उत्सव आयोजित हुआ। इसमें राजस्थान की रंग-बिरंगी लोक परंपरा जीवंत हुई। लहरिया महोत्सव के अंतर्गत आयोजित मेहंदी प्रतियोगिता में नेहा सेन प्रथम, मोनिका द्वितीय तथा कोयल श्रीमाली तृतीय रहीं।
शाम को भक्तिधाम में नाव मनोरथ हुआ। बड़ी संख्या में दर्शनार्थियों ने भगवान के मनोहारी स्वरूप के दर्शन किए। इसके बाद भजन संध्या शुरू हुई, जो रात तक चली।
कार्यक्रम के दौरान थूर एवं सायरा के बच्चों ने लव जिहाद और हाड़ी रानी पर नृत्य नाटिका प्रस्तुत कर शौर्य और समसामयिक स्थितियों का चित्रण किया। श्रीनाथजी का स्वरूप धरकर आए बालक की परिक्रमा करते हुए महिलाओं ने सामूहिक घूमर भी किया। इस दौरान प्रतिभाओं ने तलवार रास प्रस्तुत किया और महिषासुरमर्दिनी स्तोत्र पर योगासन किए। कालिका पेट्रोलियम की प्रमुख शिप्रा दीदी के मार्गदर्शन में आत्मरक्षा का प्रदर्शन भी किया गया।
पालक अधिकारी पंकज पालीवाल ने बताया कि 6 सितंबर को सुबह 9 बजे से पारंपरिक गवरी आयोजन होगा। मेवाड़ की लोकनाट्य एवं आदिवासी सांस्कृतिक परंपरा से जुड़ी गवरी की प्रस्तुति महोत्सव के अंतिम दिन को विशिष्ट लोक-रंग प्रदान करेगी। इस आयोजन के साथ तीन दिवसीय श्रीकृष्ण जन्माष्टमी मेला महोत्सव का सांस्कृतिक और धार्मिक क्रम आगे बढ़ेगा।

Vikas Chawada (Udaipur)
नाम: विकास चावड़ा
वर्तमान पद: संवाददाता (दैनिक प्रातःकाल, फतहनगर क्षेत्र)
कार्यक्षेत्र: फतहनगर, तहसील: मावली, जिला: उदयपुर (राजस्थान)
अनुभव: साल 2020 से लगातार सक्रिय
बीट और मुख्य विषय
- स्थानीय समाचार: तहसील मावली के विभिन्न गांवों सहित फतहनगर-सनवाड़ पालिका क्षेत्र के स्थानीय समाचारों की नियमित कवरेज।
- राजनैतिक एवं क्राइम: क्षेत्र की राजनीतिक हलचल, कानून-व्यवस्था और अपराध से जुड़ी घटनाओं की रिपोर्टिंग।
- जन समस्याएं व समसामयिक विषय: स्थानीय नागरिकों की समस्याएं, बुनियादी सुविधाएं और समसामयिक मुद्दों पर नियमित लेखन व रिपोर्टिंग।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
हायर सेकेंडरी
