महावीर भवन में प्राकृत विद्या शिक्षण शिविर का आयोजन शुरू
आचार्य सुनील सागर की प्रेरणा से आयोजित इस शिविर का मुख्य उद्देश्य युवा पीढ़ी को जैन संस्कृति, प्राकृत भाषा और धार्मिक परंपराओं से जोड़ना है।

आचार्य सुनील सागर की प्रेरणा से सेक्टर 14 स्थित महावीर भवन में प्राकृत विद्या शिक्षण शिविर का आयोजन 17 मई से 24 मई तक किया जा रहा है। शिविर का आयोजन श्री महावीर दिगम्बर जैन दशा नागदा चेरिटेबल ट्रस्ट एवं श्री महावीर युवा परिषद के संयुक्त तत्वावधान में हो रहा है, जिसमें 80 से अधिक बालक-बालिकाएं प्राकृत भाषा का अध्ययन कर रहे हैं।
शिविर का संचालन पंडित रवि कीर्ति शास्त्री के सानिध्य में किया जा रहा है। प्रतिदिन प्रातः 7 बजे प्रतिभागी बालक-बालिकाओं द्वारा श्री जी का अभिषेक एवं शांतिधारा की जाती है। इसके पश्चात प्रातः 8.30 बजे से प्राकृत भाषा शिक्षण का आयोजन होता है, जिसमें बड़ी संख्या में विद्यार्थी अध्ययन कर रहे हैं।
शिविर के दौरान धार्मिक एवं सांस्कृतिक वातावरण के बीच विद्यार्थियों को प्राकृत विद्या का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। वहीं सायं 7 बजे श्रीजी की आरती के साथ बालकों, महिलाओं एवं पुरुषों के लिए अध्ययन एवं शंका समाधान सत्र आयोजित किया जाता है। इस सत्र में आमंत्रित शास्त्री जी द्वारा प्राकृत भाषा एवं धर्म से जुड़े विषयों पर मार्गदर्शन प्रदान किया जा रहा है।
शिविर के सफल संचालन में ट्रस्ट अध्यक्ष भंवर लाल मुंडलिया, परिषद अध्यक्ष हितेश मुंडलिया, महामंत्री कल्पेश मुंडलिया, पारस भोजावत, अविनाश कोठारी एवं यशवंत कोठारी सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। आयोजन के माध्यम से नई पीढ़ी को प्राकृत भाषा, जैन संस्कृति एवं धार्मिक परंपराओं से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है, जिससे समाज में सांस्कृतिक और आध्यात्मिक जागरूकता को नई दिशा मिल रही है।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
