देश में जनधन खातों का आंकड़ा 58.70 करोड़ पार, 32.72 करोड़ महिला खाताधारक
प्रधानमंत्री जन धन योजना के तहत देश में खातों की संख्या 58.70 करोड़ के पार पहुंची है। राज्यसभा में सांसद चुन्नीलाल गरासिया के प्रश्न पर केंद्र सरकार ने महिला खाताधारकों और राजस्थान के आंकड़ों की जानकारी दी।

तस्वीर में राज्यसभा सांसद चुन्नीलाल गरासिया खड़े होकर नजर आ रहे हैं।
खेरवाड़ा। प्रधानमंत्री जन धन योजना के तहत देश में कुल खातों की संख्या 58.70 करोड़ के पार पहुंच गई है, जिसमें 32.72 करोड़ से अधिक महिला खाताधारक शामिल हैं। इस संबंध में राज्यसभा सांसद चुन्नीलाल गरासिया द्वारा बुधवार को राज्यसभा में पूछे गए अतारांकित प्रश्न संख्या 1044 के जवाब में केंद्र सरकार ने जानकारी दी।
भाजपा के वरिष्ठ नेता पारस जैन ने बताया कि सांसद चुन्नीलाल गरासिया के प्रश्न के उत्तर में केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने प्रधानमंत्री जन धन योजना से जुड़ी जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि योजना के अंतर्गत 58.70 करोड़ से अधिक खाते खोले जा चुके हैं, जिनमें 32.72 करोड़ से अधिक महिला खाताधारक हैं।
केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री ने बताया कि योजना में महिलाओं की भागीदारी का प्रतिशत काफी उत्कृष्ट रहा है। 8 जुलाई 2026 तक 32.72 करोड़ महिला जनधन खाताधारक हैं, जो कुल खातों का 55.7 प्रतिशत से अधिक हिस्सा है। राजस्थान में भी प्रधानमंत्री जन धन योजना के तहत 384.23 लाख खाते खोले जा चुके हैं।
प्रधानमंत्री जन धन योजना के माध्यम से खाताधारकों को कई प्रमुख सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। इनमें जीरो बैलेंस खाता, पीएमजेडीवाई खाते शामिल हैं, जिन्हें किसी भी बैंक शाखा में खोला जा सकता है। इन खातों को खोलने के लिए न तो कोई शुल्क लिया जाता है और न ही न्यूनतम शेष राशि बनाए रखने की आवश्यकता होती है।
योजना के तहत खाताधारकों को दुर्घटना बीमा सुविधा और रुपे कार्ड भी उपलब्ध कराया जाता है। खाता धारकों को मुफ्त रुपे डेबिट कार्ड दिया जाता है। 28 अगस्त 2018 के बाद खोले गए नए खातों के लिए अंतर्निहित दुर्घटना बीमा कवर को एक लाख रुपये से बढ़ाकर 2 लाख रुपये कर दिया गया है।
इसके अलावा पात्र खाता धारकों के लिए इन खातों में 10000 रुपये तक की ओवरड्राफ्ट सीमा भी उपलब्ध है। केंद्र सरकार की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार प्रधानमंत्री जन धन योजना वित्तीय समावेशन के क्षेत्र में व्यापक भागीदारी के साथ आगे बढ़ रही है।

Dharnendra Jain( Kherwara)
नाम: धरणेन्द्र जैन
वर्तमान पद: सीनियर रिपोर्टर (प्रातः काल दैनिक, खेरवाड़ा विधानसभा)
कार्यक्षेत्र: खेरवाड़ा विधानसभा क्षेत्र (खेरवाड़ा, ऋषभदेव, और नयागांव उपखंड क्षेत्र, जिला उदयपुर, राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): राजनीति, क्राइम, प्रशासन सहित सभी क्षेत्रों की खबरें
अनुभव: 30 वर्ष से अधिक
परिचय
धरणेन्द्र जैन उदयपुर जिले के खेरवाड़ा विधानसभा क्षेत्र के एक अत्यंत अनुभवी और वरिष्ठ पत्रकार हैं। वर्तमान में वह 'प्रातः काल दैनिक' में सीनियर रिपोर्टर के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। वह मुख्य रूप से खेरवाड़ा, ऋषभदेव और नयागांव उपखंड क्षेत्र को कवर करते हैं। धरणेन्द्र जैन राजनीति, क्राइम, स्थानीय प्रशासन सहित क्षेत्र के सभी प्रमुख विषयों पर नियमित रूप से समाचार लिखते हैं।
पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)
धरणेन्द्र जैन को पत्रकारिता के क्षेत्र में तीन दशकों (30 वर्ष) से अधिक का व्यापक और लंबा अनुभव है:
- वह साल 1995 से पत्रकारिता क्षेत्र में निरंतर कार्यरत हैं।
- उन्होंने वर्ष 1998 से 2018 तक लगातार 20 वर्षों तक 'दैनिक भास्कर' में खेरवाड़ा विधानसभा क्षेत्र के लिए सीनियर रिपोर्टिंग की है।
- वर्ष 2018 से वह लगातार 'प्रातः काल' समाचार पत्र से जुड़े हुए हैं और क्षेत्र की कमान संभाल रहे हैं।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
उन्होंने वाणिज्य स्नातक (B.Com) की डिग्री हासिल की है।
