राष्ट्रीय पोषण माह और स्वच्छता अभियान 6.0 पर कोटा में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
केन्द्रीय संचार ब्यूरो ने महिला एवं बाल विकास विभाग के साथ मिलकर पोषण माह के समापन पर कुपोषण उन्मूलन और स्वच्छता का संदेश दिया।

कोटा के रामनगर बंजारा बस्ती स्थित आंगनबाड़ी केंद्र में आयोजित पोषण माह एवं स्वच्छता अभियान कार्यक्रम के दौरान प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता के विजेताओं को पुरस्कार प्रदान करते अधिकारी।
कोटा: सुटिया तलाई स्थित आंगनबाड़ी केंद्र, रामनगर बंजारा बस्ती कोटा में राष्ट्रीय पोषण माह एवं स्वच्छता अभियान 6.0 को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय, भारत सरकार के केन्द्रीय संचार ब्यूरो, क्षेत्रीय कार्यालय, कोटा की ओर से महिला एवं बाल विकास विभाग के सहयोग से आयोजित कार्यक्रम में महिलाओं और बच्चों को पोषण, स्वच्छता तथा स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केन्द्रीय संचार ब्यूरो के सहायक निदेशक रामेश्वर लाल मीणा ने बताया कि राष्ट्रीय पोषण माह 9 सितंबर से 8 अक्टूबर तक मनाया गया और 8 अक्टूबर इसका समापन दिवस है। इस वर्ष की थीम “हमारी आंगनवाड़ी, हमारी जिम्मेदारी” है। उन्होंने कहा कि संतुलित एवं विविध आहार, उचित पूरक आहार, स्वच्छ पेयजल और व्यक्तिगत स्वच्छता को जीवनशैली का हिस्सा बनाकर बच्चों, महिलाओं एवं किशोरियों के स्वास्थ्य में सुधार किया जा सकता है।
उन्होंने स्वच्छता अभियान 6.0 की जानकारी देते हुए बताया कि यह अभियान 2 से 31 अक्टूबर तक चलाया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य केवल कार्यालयों की सफाई तक सीमित नहीं है, बल्कि लंबित कार्यों के निस्तारण, अभिलेखों के सुव्यवस्थित प्रबंधन, अनुपयोगी सामग्री के निस्तारण तथा बेहतर एवं स्वच्छ कार्य वातावरण को बढ़ावा देना है।
महिला एवं बाल विकास विभाग की महिला पर्यवेक्षक महिमा सिगोदिया ने पोषण अभियान की जानकारी देते हुए कहा कि इसका उद्देश्य कुपोषण को कम करना तथा बच्चों, महिलाओं एवं किशोरियों के पोषण स्तर में सुधार करना है। उन्होंने पोषण के साथ स्वच्छता, स्वच्छ पेयजल, स्तनपान और बच्चों की उचित देखभाल के महत्व पर भी प्रकाश डाला।
कार्यक्रम के दौरान पोषण एवं स्वच्छता विषय पर मौखिक प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता के विजेताओं को पुरस्कार प्रदान किए गए। महिलाओं को पोषण एवं स्वच्छता की शपथ भी दिलाई गई। इसके बाद बंजारा बस्ती में जागरूकता रैली निकाली गई, जिसके माध्यम से स्वच्छता और स्वस्थ जीवनशैली का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता संगीता अरोड़ा, सहायिका आशा वर्मा सहित बड़ी संख्या में महिलाएं एवं बच्चे उपस्थित रहे। कार्यक्रम के माध्यम से राष्ट्रीय पोषण माह और स्वच्छता अभियान 6.0 के उद्देश्यों को समुदाय तक पहुंचाने के साथ पोषण, स्वच्छता और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया।

Dharnendra Jain( Kherwara)
नाम: धरणेन्द्र जैन
वर्तमान पद: सीनियर रिपोर्टर (प्रातः काल दैनिक, खेरवाड़ा विधानसभा)
कार्यक्षेत्र: खेरवाड़ा विधानसभा क्षेत्र (खेरवाड़ा, ऋषभदेव, और नयागांव उपखंड क्षेत्र, जिला उदयपुर, राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): राजनीति, क्राइम, प्रशासन सहित सभी क्षेत्रों की खबरें
अनुभव: 30 वर्ष से अधिक
परिचय
धरणेन्द्र जैन उदयपुर जिले के खेरवाड़ा विधानसभा क्षेत्र के एक अत्यंत अनुभवी और वरिष्ठ पत्रकार हैं। वर्तमान में वह 'प्रातः काल दैनिक' में सीनियर रिपोर्टर के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। वह मुख्य रूप से खेरवाड़ा, ऋषभदेव और नयागांव उपखंड क्षेत्र को कवर करते हैं। धरणेन्द्र जैन राजनीति, क्राइम, स्थानीय प्रशासन सहित क्षेत्र के सभी प्रमुख विषयों पर नियमित रूप से समाचार लिखते हैं।
पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)
धरणेन्द्र जैन को पत्रकारिता के क्षेत्र में तीन दशकों (30 वर्ष) से अधिक का व्यापक और लंबा अनुभव है:
- वह साल 1995 से पत्रकारिता क्षेत्र में निरंतर कार्यरत हैं।
- उन्होंने वर्ष 1998 से 2018 तक लगातार 20 वर्षों तक 'दैनिक भास्कर' में खेरवाड़ा विधानसभा क्षेत्र के लिए सीनियर रिपोर्टिंग की है।
- वर्ष 2018 से वह लगातार 'प्रातः काल' समाचार पत्र से जुड़े हुए हैं और क्षेत्र की कमान संभाल रहे हैं।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
उन्होंने वाणिज्य स्नातक (B.Com) की डिग्री हासिल की है।
