उदयपुर। शहर के फतहसागर झील किनारे स्थित रानी रोड सोमवार सुबह उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब एएसआई भर्ती के लिए चल रही पुलिस फिजिकल दौड़ के दौरान एक हैड कांस्टेबल की अचानक मौत हो गई। झाड़ोल थाना में तैनात हैड कांस्टेबल जब्बर सिंह शारीरिक परीक्षा के दौरान अचानक गश खाकर गिर पड़े। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने तुरंत उन्हें संभाला और एंबुलेंस की मदद से एमबी हॉस्पिटल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जब्बर सिंह दौड़ के दौरान पूरी क्षमता से भाग रहे थे कि अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। साथी पुलिसकर्मियों ने दौड़ रोककर उन्हें प्राथमिक उपचार देने की कोशिश की, लेकिन उनकी हालत बिगड़ती चली गई। मेडिकल जांच के बाद डॉक्टरों ने बताया कि जब्बर सिंह को संभवतः हार्ट अटैक आया था, जिससे उनकी मौत हुई।

इस घटना की सूचना मिलते ही पुलिस विभाग में शोक की लहर दौड़ गई। अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली और पोस्टमार्टम की कार्रवाई के लिए शव को मोर्चरी में रखवाया गया है। विभागीय स्तर पर घटना की पूरी रिपोर्ट तैयार की जा रही है।

झाड़ोल थाना में लंबे समय से सेवा दे रहे जब्बर सिंह अपनी ड्यूटी के प्रति समर्पित और अनुशासित अधिकारी माने जाते थे। भर्ती प्रक्रिया के दौरान इस तरह की घटना ने न केवल पुलिस प्रशासन को झकझोर दिया है, बल्कि साथी कर्मचारियों में भी गहरा दुख व्याप्त है।

Updated On
Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story