मेवाड़ की धरा पर भक्ति और शक्ति का अनूठा संगम आगामी 24 एवं 25 मई को ग्राम महुड़ा में देखने को मिलेगा, जहाँ गिज गोत्र वंश राव सिरदारो की कुलदेवी श्री श्री 1008 श्री पिपलाज माताजी मंदिर की 14वीं वर्षगांठ (पाटोत्सव) एवं भव्य ध्वजा दंड आरोहण महोत्सव का आयोजन सुनिश्चित हुआ है। मावली उपखंड क्षेत्र के घासा तहसील स्थित महुड़ा (मेवाड़) में आयोजित होने वाले इस द्विदिवसीय धार्मिक अनुष्ठान को लेकर ज्येष्ठ सुदी 9 एवं 10, रविवार और सोमवार की तिथियां निर्धारित की गई हैं, जिसकी तैयारियों में समस्त ग्रामवासी एवं दौलावत परिवार पूर्ण मनोयोग से जुटा हुआ है।

आयोजन की विस्तृत रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए समाजसेवी भीम सिंह दौलावत ने बताया कि महोत्सव का विधिवत शुभारंभ रविवार, 24 मई 2026 को सायं 4 बजे एक भव्य कलश यात्रा के साथ होगा, जिसके पश्चात सायं 6 बजे से महाप्रसादी का आयोजन किया जाएगा। इसी श्रृंखला में रात्रि 8:15 बजे से विशाल भजन संध्या एवं जागरण का आयोजन होगा, जिसमें विख्यात भजन गायक भगवत सुथार (कोशिवाड़ा), सुप्रसिद्ध भजन गायिका श्रीमती रेखा कंवर आसोलिया (आसोलिया की मादड़ी) एवं बाल कलाकार नितिराज सिंह (बसन्तगढ़, सिरोही) अपनी स्वर लहरियों से भक्ति रस की वर्षा करेंगे।

महोत्सव के दूसरे दिन, सोमवार 25 मई 2026 को धार्मिक परंपराओं का निर्वहन करते हुए प्रातः 7:15 बजे वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पावन हवन संपन्न होगा। तत्पश्चात प्रातः 10:15 बजे मंदिर शिखर पर श्रद्धा के प्रतीक स्वरूप ध्वजा दंड आरोहण किया जाएगा। आस्था के इस महाकुंभ में प्रातः 11 बजे से पुनः महाप्रसादी का दौर प्रारंभ होगा, जो अंतिम श्रद्धालु के आगमन तक अनवरत जारी रहेगा। अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा ट्रस्ट के प्रदेश प्रवक्ता राव दिलीप सिंह परिहार ने जानकारी दी कि इस गौरवशाली आयोजन में मेवाड़ सहित विभिन्न अंचलों से भारी संख्या में श्रद्धालुओं एवं मातृशक्ति के सम्मिलित होने की प्रबल संभावना है।

समारोह के सफल संचालन एवं स्वागत के लिए श्रीमती संतोषकुँवर-रोड़सिंह दौलावत पाटवी ठाकुर, श्रीमती सुरजकुँवर-ठा. नानुसिंह, श्रीमती मंजुकुँवर-कुँवर भंवरसिंह, श्रीमती कंकुकुँवर-कुँवर भीमसिंह, श्रीमती ममताकुँवर-कुँवर राजेन्द्रसिंह एवं श्रीमती ललिताकुँवर-कुँवर महेन्द्रसिंह सहित समस्त दौलावत परिवार सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। "जय पिपलाज माँ" के जयकारों के साथ आयोजित यह महोत्सव न केवल क्षेत्र की धार्मिक आस्था को सुदृढ़ करेगा, बल्कि मेवाड़ की समृद्ध संस्कृति एवं उज्ज्वल परंपराओं के संरक्षण का भी माध्यम बनेगा।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story