घासा तहसील के महुड़ा में दौलावत परिवार और ग्रामवासियों के सहयोग से दो दिवसीय धार्मिक अनुष्ठान और कलश यात्रा का हुआ आयोजन।

घासा तहसील स्थित महुड़ा (मेवाड़) में गिज गोत्र वंश की कुलदेवी श्री श्री 1008 श्री पिपलाज माताजी मंदिर की 14वीं वर्षगांठ एवं ध्वजा दंड आरोहण महोत्सव श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के वातावरण में संपन्न हुआ। दो दिवसीय धार्मिक आयोजन में हजारों श्रद्धालुओं की उपस्थिति से पूरा क्षेत्र भक्तिमय रंग में सराबोर नजर आया। मंदिर परिसर देर रात तक जयकारों, भक्ति गीतों और धार्मिक अनुष्ठानों से गूंजता रहा।

समस्त ग्रामवासियों एवं दौलावत परिवार के सहयोग से आयोजित महोत्सव के तहत रविवार रात्रि विशाल भजन संध्या का आयोजन किया गया। भजनों की मधुर प्रस्तुतियों ने श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया, वहीं भोपा खेल ने लोक संस्कृति और आस्था का अनूठा संगम प्रस्तुत कर माहौल को आध्यात्मिक ऊर्जा से भर दिया। श्रद्धालु देर रात तक भक्ति रस में झूमते रहे।

कार्यक्रम आयोजक एवं समाजसेवी रोड़ सिंह, नानु सिंह, भंवर सिंह एवं भीम सिंह दौलावत ने बताया कि आयोजन के प्रथम दिन रविवार 24 मई को सायं 4 बजे भव्य कलश यात्रा निकाली गई। कलश यात्रा में मातृशक्ति पारंपरिक वेशभूषा में सिर पर कलश धारण कर शामिल हुई। इसके बाद शाम 6 बजे महाप्रसादी का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।

रात्रि 8:15 बजे से प्रारंभ हुई भजन संध्या में भजन गायक भगवत जी सुथार (कोशिवाड़ा), भजन गायिका श्रीमती रेखा आसोलिया एवं बाल कलाकार नितिराज सिंह ने भावपूर्ण प्रस्तुतियां देकर श्रद्धालुओं को भक्ति रस में सराबोर कर दिया। भक्ति गीतों पर श्रद्धालु देर रात तक थिरकते रहे और पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण से गूंज उठा।

महोत्सव के दूसरे दिन सोमवार 25 मई को प्रातः 7:15 बजे वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हवन का शुभारंभ हुआ। धार्मिक अनुष्ठानों के बीच सुबह 10:15 बजे मंदिर शिखर पर विधिवत ध्वजा दंड आरोहण किया गया। इसके बाद प्रातः 11 बजे से महाप्रसादी प्रारंभ हुई, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण कर धर्म लाभ लिया।

आयोजकों ने बताया कि माँ भगवती की असीम कृपा से आयोजित इस पावन अवसर पर श्रद्धालुओं, मातृशक्ति एवं समाजबंधुओं ने बड़ी संख्या में भाग लेकर आयोजन को सफल बनाया। सत्संग, भक्ति और महाप्रसाद के माध्यम से श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक लाभ प्राप्त हुआ और पूरा महुड़ा क्षेत्र धर्ममय वातावरण में डूबा नजर आया।

इस अवसर पर अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा ट्रस्ट के प्रदेश प्रवक्ता राव दिलीप सिंह परिहार, पेंशनर्स समाज अध्यक्ष महेन्द्र सिंह गुगली, किशन सिंह मरतडी, मदन सिंह आईड़ाणा, करण सिंह जोड़लिया, प्रेम सिंह उमठी, संजय सिंह, गिरधारी सिंह, सज्जन सिंह, गुलाब सिंह, महेन्द्र सिंह, नाहर सिंह सहित बड़ी संख्या में अतिथि, समाजबंधु एवं ग्रामवासी उपस्थित रहे। आयोजन ने क्षेत्र में धार्मिक आस्था, सामाजिक एकता और लोक संस्कृति की समृद्ध परंपरा को नई मजबूती प्रदान की।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story