महुड़ा में श्री पिपलाज माताजी मंदिर का 14वां पाटोत्सव 24 मई से शुरू होगा
मावली के महुड़ा में दो दिवसीय महोत्सव के दौरान भव्य कलश यात्रा, भजन संध्या और ध्वजा दंड आरोहण का आयोजन होगा जिसमें मेवाड़ के कई श्रद्धालु जुटेंगे।

मावली उपखंड क्षेत्र की घासा तहसील स्थित ग्राम महुड़ा (मेवाड़) में गिज गोत्र वंश राव सिरदारो की कुलदेवी श्री श्री 1008 श्री पिपलाज माताजी मंदिर की 14वीं वर्षगांठ पाटोत्सव एवं ध्वजा दंड आरोहण महोत्सव 24 और 25 मई 2026 को श्रद्धा, आस्था और भक्तिभाव के साथ आयोजित होगा। आयोजन को लेकर समस्त ग्रामवासी एवं दौलावत परिवार द्वारा व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। धार्मिक आयोजन में मेवाड़ सहित विभिन्न क्षेत्रों से श्रद्धालुओं और मातृशक्ति के बड़ी संख्या में पहुंचने की संभावना जताई गई है।
आयोजकों के परिजन एवं समाजसेवी भीम सिंह दौलावत ने बताया कि महोत्सव का शुभारंभ रविवार 24 मई 2026 को सांय 4 बजे भव्य कलश यात्रा के साथ होगा। इसके पश्चात शाम 6 बजे महाप्रसादी का आयोजन रखा गया है। रात्रि 8:15 बजे से विशाल भजन संध्या एवं जागरण आयोजित होगा, जिसमें भजन गायक भगवत सुथार कोशिवाड़ा, भजन गायिका श्रीमती रेखा कंवर आसोलिया, आसोलिया की मादड़ी तथा बाल कलाकार नितिराज सिंह बसन्तगढ़, सिरोही भक्ति रस से सराबोर प्रस्तुतियां देंगे।
महोत्सव के दूसरे दिन सोमवार 25 मई 2026 को प्रातः 7:15 बजे वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हवन होगा। इसके बाद सुबह 10:15 बजे ध्वजा दंड आरोहण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। प्रातः 11 बजे से महाप्रसादी प्रारंभ होगी, जो श्रद्धालुओं के आगमन तक निरंतर जारी रहेगी।
अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा ट्रस्ट के प्रदेश प्रवक्ता राव दिलीप सिंह परिहार ने बताया कि आयोजन में सत्संग, भजन, जागरण और महाप्रसाद के माध्यम से श्रद्धालुओं को धर्मलाभ प्राप्त करने का अवसर मिलेगा। उन्होंने कहा कि यह धार्मिक आयोजन क्षेत्र की आस्था, संस्कृति और परंपरा का विशेष संगम बनेगा।
महोत्सव के स्वागतोत्सुक एवं निवेदक के रूप में श्रीमती संतोषकुँवर-रोड़सिंह दौलावत पाटवी ठाकुर, श्रीमती सुरजकुँवर-ठा. नानुसिंह, श्रीमती मंजुकुँवर-कुँवर भंवरसिंह, श्रीमती कंकुकुँवर-कुँवर भीमसिंह, श्रीमती ममताकुँवर-कुँवर राजेन्द्रसिंह, श्रीमती ललिताकुँवर-कुँवर महेन्द्रसिंह सहित समस्त दौलावत परिवार आयोजन व्यवस्थाओं में सक्रिय भूमिका निभा रहा है।
समस्त ग्रामवासी एवं दौलावत परिवार महुड़ा (मेवाड़) ने सभी श्रद्धालुओं, समाजबंधुओं और मातृशक्ति से सपरिवार महोत्सव में पहुंचकर धर्मलाभ लेने का आग्रह किया है। “जय पिपलाज माँ” के जयकारों के बीच आयोजित होने वाला यह महोत्सव धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक परंपरा और सामाजिक एकता का भव्य केंद्र बनने जा रहा है।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
