मावली। राजस्थान पेंशनर समाज मावली एवं तारा संस्थान उदयपुर के संयुक्त तत्वावधान में पेंशनर्स सम्मान समारोह का आयोजन राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय परिसर में गरिमामय और हर्षोल्लासपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुआ। यह समारोह न केवल वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान का मंच बना, बल्कि समाज में सेवा, स्वास्थ्य और सक्रिय जीवनशैली के संदेश को भी सशक्त रूप से सामने लाया।

समारोह के मुख्य अतिथि रमाकांत आमेटा, पूर्व शिक्षा उपनिदेशक रहे, जबकि अध्यक्षता पेंशनर समाज मावली के संयोजक बसंत कुमार त्रिपाठी ने की। विशिष्ट अतिथियों के रूप में डॉ. रामेंद्र कुमार शर्मा, मुख्य चिकित्सा अधिकारी आयुर्वेद, विक्रम सिंह मीणा, बैंक मैनेजर, डॉ. हामिद हुसेन, पूर्व मुख्य चिकित्सा अधिकारी उप जिला चिकित्सालय, कैलास पगारिया, उप कोष अधिकारी, नाथुदास वैरागी, रामेश्वर विजयवर्गीय, अम्बा लाल शर्मा, ओंकार लाल चितारा, गणेश लाल कुम्हार, राधाकृष्ण शर्मा एवं राधे श्याम अग्रवाल उपस्थित रहे।

समारोह का शुभारंभ मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। अध्यक्ष बसंत कुमार त्रिपाठी ने सभी अतिथियों, पेंशनर्स एवं तारा संस्थान के प्रतिनिधियों का स्वागत करते हुए संस्था की गतिविधियों पर प्रकाश डाला और पेंशनर समाज की सदस्यता को और अधिक विस्तार देने की आवश्यकता पर बल दिया। इसके पश्चात तारा संस्थान द्वारा एक डाक्यूमेंट्री का प्रदर्शन किया गया, जिसमें संस्थान की कार्यप्रणाली तथा वरिष्ठ नागरिकों के प्रमुख रोगों के निःशुल्क उपचार संबंधी सेवाओं की विस्तृत जानकारी दी गई और सभी को संस्थान से जुड़ने का आमंत्रण दिया गया।

कार्यक्रम के दौरान पेंशनर समाज मावली के लगभग 80 पेंशनर्स का तारा संस्थान द्वारा सम्मान किया गया। समारोह में सबसे वृद्ध पेंशनर रतन लाल पालीवाल का विशेष सम्मान आकर्षण का केंद्र रहा। इसके साथ ही आठ महिला पेंशनर्स को भी सम्मानित कर उनके योगदान को सराहा गया।

मुख्य अतिथि रमाकांत आमेटा ने अपने संबोधन में पेंशनर्स से साधना, स्वाध्याय, संयम और सेवा के मार्ग पर सक्रिय रहने का आह्वान किया। वहीं विशिष्ट अतिथि डॉ. रामेंद्र कुमार शर्मा ने वृद्धावस्था में होने वाले रोगों की जानकारी देते हुए संतुलित दिनचर्या, नियमित व्यायाम, पैदल भ्रमण, लघु एवं सुपाच्य भोजन, प्राणायाम तथा सामाजिक कार्यों में निरंतर सक्रिय रहने की आवश्यकता पर जोर दिया।

पेंशनर समाज मावली के संयोजक बसंत कुमार त्रिपाठी की सक्रियता और संगठनात्मक प्रतिभा से प्रभावित होकर तारा संस्थान ने उन्हें अभिनंदन पत्र भेंट कर विशिष्ट सम्मान प्रदान किया। इसके प्रत्युत्तर में पेंशनर समाज मावली की ओर से तारा संस्थान के सदस्यों आरती चित्तोड़ा, मीना साहू, रमेश खराड़ी एवं ऋषि वैष्णव का उपरना एवं शॉल भेंट कर बहुमान किया गया।

समारोह का सफल संचालन आरती चित्तोड़ा ने किया। कार्यक्रम के समापन पर राष्ट्रगान के पश्चात तारा संस्थान एवं बसंत कुमार त्रिपाठी के सहयोग से स्नेह भोज का आयोजन किया गया। यह समारोह वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान, स्वास्थ्य जागरूकता और सामाजिक सहभागिता की दिशा में मावली क्षेत्र के लिए एक प्रेरणादायी पहल के रूप में स्मरणीय रहा।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story