पाटिया के नवनियुक्त थानाधिकारी देवीलाल का व्यापार मंडल ने किया स्वागत, कानून व्यवस्था और हेलमेट जागरूकता पर दिया जोर
खेरवाड़ा के पाटिया थाना के नवनियुक्त थानाधिकारी देवीलाल का व्यापार मंडल ने स्वागत किया। कानून व्यवस्था, सड़क सुरक्षा और हेलमेट जागरूकता पर अहम संदेश दिया।

तस्वीर में दिख रही कनबई पुलिस चौकी के सामने संयुक्त व्यापार मंडल के पदाधिकारी नवनियुक्त थानाधिकारी देवीलाल को माला और श्रीफल भेंट कर उनका अभिनंदन कर रहे हैं।
पुलिस थाना पाटिया के नवनियुक्त थानाधिकारी देवीलाल का शनिवार को खेरवाड़ा में संयुक्त व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने माला एवं श्रीफल भेंट कर आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया। इस अवसर पर व्यापार मंडल अध्यक्ष देवीलाल मेघवाल, उपाध्यक्ष हीरालाल गमेती, संरक्षक प्रेमचंद कलाल, महामंत्री प्रकाश कलाल सहित अरविंद कलाल, गहरीलाल कलाल, राजेश कलाल एवं गट्टूलाल बारोट उपस्थित रहे।
स्वागत समारोह को संबोधित करते हुए थानाधिकारी देवीलाल ने कहा कि पाटिया थाना क्षेत्र में शांति, कानून व्यवस्था एवं आमजन की सुरक्षा बनाए रखना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी। उन्होंने कहा कि थाना स्टाफ पूरी निष्ठा एवं तत्परता के साथ क्षेत्र में कार्य कर रहा है तथा पीड़ित, गरीब एवं जरूरतमंद व्यक्ति को समय पर न्याय दिलाने में कोई कमी नहीं छोड़ी जाएगी। साथ ही अपराधियों एवं असामाजिक तत्वों के विरुद्ध सख्त एवं प्रभावी कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।
उन्होंने व्यापार मंडल के पदाधिकारियों से पुलिस विभाग द्वारा चलाए जा रहे दोपहिया वाहन हेलमेट जागरूकता अभियान में सक्रिय सहयोग की अपील करते हुए कहा कि सड़क सुरक्षा सभी की साझा जिम्मेदारी है। उन्होंने बताया कि तेज गति एवं लापरवाही से वाहन चलाने वाले बाइक चालकों पर पुलिस की विशेष निगरानी रखी जा रही है तथा यातायात नियमों की अवहेलना करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने थानाधिकारी को पूर्ण सहयोग का विश्वास दिलाते हुए क्षेत्र में शांति, सौहार्द एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया। स्वागत समारोह पुलिस और व्यापार मंडल के बीच समन्वय तथा सड़क सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था को लेकर साझा प्रतिबद्धता के संदेश के साथ संपन्न हुआ।

Dinesh Kumar Jain, Kherwara(Udaipur)
दिनेश कुमार जैन पत्रकारिता जगत का एक अनुभवी और विश्वसनीय नाम हैं। उन्होंने पिछले लगभग 8 वर्षों से प्रिंट मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय रहकर जनहित से जुड़े मुद्दों, प्रशासनिक गतिविधियों, ग्रामीण विकास, सामाजिक सरोकारों तथा स्थानीय समस्याओं को प्रमुखता से उठाया है।
उन्होंने जनवरी 2020 से प्रतिष्ठित समाचार पत्र दैनिक नवज्योति में संवाददाता, खेरवाड़ा एवं नयागांव ब्लॉक (जिला उदयपुर) के रूप में कार्य करते हुए तहसील एवं ब्लॉक स्तर की खबरों को प्रभावी ढंग से पाठकों तक पहुंचाया। इससे पूर्व वे लगभग दो वर्षों तक राजस्थान पत्रिका से भी जुड़े रहे, जहां उन्होंने क्षेत्रीय पत्रकारिता में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
खेरवाड़ा, नयागांव तथा आसपास के ग्रामीण एवं आदिवासी क्षेत्रों की जमीनी समस्याओं, विकास कार्यों, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि एवं सामाजिक मुद्दों पर उनकी विशेष पकड़ रही है। निष्पक्ष, तथ्यपरक और जनहित आधारित पत्रकारिता उनकी पहचान है।
वर्तमान में प्रातःकाल के साथ जुड़कर वे अपने व्यापक अनुभव और क्षेत्रीय समझ के माध्यम से पाठकों तक सटीक, विश्वसनीय और प्रभावशाली समाचार पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं। उनकी पत्रकारिता का उद्देश्य समाज की आवाज को सशक्त मंच प्रदान करना तथा जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाना है।
