खेरवाड़ा विधानसभा क्षेत्र में राजनीतिक सरगर्मियों के बीच पटेल समाज (खड़क चोखला) की महत्वपूर्ण और निर्णयकारी महापंचायत आयोजित हुई। बैठक में 42 गांवों से समाज के प्रबुद्धजन और प्रतिनिधि शामिल हुए। समाज की राजनीतिक उपेक्षा को लेकर गहरी चिंता जताते हुए आगामी चुनावों को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।

बैठक में वक्ताओं ने कहा कि खेरवाड़ा विधानसभा क्षेत्र में पटेल समाज दूसरा सबसे बड़ा जनसांख्यिकीय आधार रखता है। इसके बावजूद लंबे समय से विभिन्न राजनीतिक दलों की ओर से समाज के प्रतिनिधित्व को नजरअंदाज किया जाता रहा है। इसे लेकर बैठक में सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित किया गया।

प्रस्ताव के अनुसार, जो भी मुख्य राजनीतिक दल चुनाव में पटेल समाज के व्यक्ति को टिकट देकर उम्मीदवार बनाएगा, 42 गांवों का पूरा समाज एकजुट होकर पूरी ताकत के साथ उसी दल के समर्थन में मतदान करेगा। वहीं, किसी भी राजनीतिक पार्टी की ओर से समाज को उचित प्रतिनिधित्व नहीं दिए जाने पर पटेल समाज अपना स्वयं का स्वतंत्र निर्दलीय प्रतिनिधि चुनाव मैदान में उतारेगा। समाज ने ऐसे प्रत्याशी को जिताने के लिए पूरी ताकत झोंकने की चेतावनी भी दी।

बैठक समाज की एकजुटता और भविष्य की राजनीतिक दिशा तय करने के उद्देश्य से बुलाई गई थी। इसकी अध्यक्षता समाज के अध्यक्ष ने की। समाज के संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करने के लिए विभिन्न शाखाओं के अध्यक्षों और पूर्व पदाधिकारियों ने भी बैठक में उपस्थिति दर्ज कराई। शाखा एक, शाखा दो, शाखा तीन, शाखा चार और शाखा पांच के अध्यक्षों तथा पूर्व अध्यक्षों सहित 42 गांवों के बड़ी संख्या में समाज के प्रबुद्ध नागरिक बैठक में मौजूद रहे।

बैठक के अंत में उपस्थित सभी सदस्यों ने हाथ उठाकर समाज हित में लिए गए फैसलों का पूर्ण समर्थन किया। साथ ही आगामी चुनाव तक संगठित रहने का संकल्प लिया। आगामी रणनीति तय करने के लिए 15 दिन बाद फिर बैठक आयोजित की जाएगी।

Dinesh Kumar Jain, Kherwara(Udaipur)

Dinesh Kumar Jain, Kherwara(Udaipur)

दिनेश कुमार जैन पत्रकारिता जगत का एक अनुभवी और विश्वसनीय नाम हैं। उन्होंने पिछले लगभग 8 वर्षों से प्रिंट मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय रहकर जनहित से जुड़े मुद्दों, प्रशासनिक गतिविधियों, ग्रामीण विकास, सामाजिक सरोकारों तथा स्थानीय समस्याओं को प्रमुखता से उठाया है।

उन्होंने जनवरी 2020 से प्रतिष्ठित समाचार पत्र दैनिक नवज्योति में संवाददाता, खेरवाड़ा एवं नयागांव ब्लॉक (जिला उदयपुर) के रूप में कार्य करते हुए तहसील एवं ब्लॉक स्तर की खबरों को प्रभावी ढंग से पाठकों तक पहुंचाया। इससे पूर्व वे लगभग दो वर्षों तक राजस्थान पत्रिका से भी जुड़े रहे, जहां उन्होंने क्षेत्रीय पत्रकारिता में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

खेरवाड़ा, नयागांव तथा आसपास के ग्रामीण एवं आदिवासी क्षेत्रों की जमीनी समस्याओं, विकास कार्यों, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि एवं सामाजिक मुद्दों पर उनकी विशेष पकड़ रही है। निष्पक्ष, तथ्यपरक और जनहित आधारित पत्रकारिता उनकी पहचान है।

वर्तमान में प्रातःकाल के साथ जुड़कर वे अपने व्यापक अनुभव और क्षेत्रीय समझ के माध्यम से पाठकों तक सटीक, विश्वसनीय और प्रभावशाली समाचार पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं। उनकी पत्रकारिता का उद्देश्य समाज की आवाज को सशक्त मंच प्रदान करना तथा जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाना है।

Next Story