पारसोला में 30 लाख की बेसिक लाइफ सपोर्ट एम्बुलेंस सर्वसमाज को समर्पित
स्वर्गीय लक्ष्मीलाल वगैरिया की स्मृति में दी गई एम्बुलेंस की देखरेख एक वर्ष वागड़ जैन मंडल मुंबई करेगा, बाद में समिति चलाएगी।

पारसोला में वात्सल्य बारिधि सेवा समिति को दी गई एम्बुलेंस के शुभारंभ अवसर पर उपस्थित लोग व समाजजन।
पारसोला में चिकित्सा सुविधाओं को मजबूती देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल हुई है। भामाशाह परिवार ने अपने परिवार की स्मृति को जनसेवा से जोड़ते हुए करीब 30 लाख रुपये की लागत वाली बेसिक लाइफ सपोर्ट सिस्टम (BLS) से युक्त अत्याधुनिक एम्बुलेंस सर्वसमाज को समर्पित की। इस सौगात से पारसोला सहित आसपास के क्षेत्र के लोगों को चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
सकल दिगम्बर जैन समाज के सानिध्य और वात्सल्य बारिधि सेवा समिति के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में पारसोला निवासी एवं वर्तमान में मुंबई में रह रहे भामाशाह मितेश लक्ष्मीलाल वगैरिया ने अपने पिता स्वर्गीय लक्ष्मीलाल वगैरिया की पुण्य स्मृति में यह एम्बुलेंस सर्वसमाज को सुपुर्द की। इस अवसर पर सर्वसमाज की ओर से भामाशाह मानकुंवर, पत्नी स्वर्गीय लक्ष्मीलाल वगैरिया का अभिनंदन किया गया।
वात्सल्य बारिधि सेवा समिति की ओर से जैन समाज के नोहरे में भव्य शुभारंभ समारोह आयोजित किया गया। इसमें श्री वागड़ दिगम्बर जैन समाज मुंबई के अध्यक्ष राजेंद्र डागरिया, कोषाध्यक्ष आशीष कोठारी, प्रतापगढ़ जिला प्रमुख हकरि देवी मीणा सहित विभिन्न समाजों के प्रतिनिधि और कस्बे के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में वागड़ जैन मंडल मुंबई के अध्यक्ष राजेंद्र डागरिया ने कहा कि पारसोला उनकी जन्मभूमि है और आज भी यह क्षेत्र मूलभूत सुविधाओं से वंचित है। वागड़ जैन मंडल मुंबई अपने पैतृक गांव को आवश्यक सुविधाओं से जोड़ने के लिए शिक्षा और चिकित्सा सहित हर वर्ग तक बुनियादी सुविधाएं पहुंचाने के प्रयास कर रहा है। उन्होंने कहा कि इस कार्य में वात्सल्य बारिधि सेवा समिति के सदस्यों ने सहयोग का भरोसा दिलाया है, जिससे सेवा कार्यों को पूरा करने को लेकर विश्वास बढ़ा है।
उन्होंने बताया कि वागड़ जैन मंडल मुंबई एक वर्ष तक एम्बुलेंस की पूरी देखरेख करेगा। इसके बाद वात्सल्य बारिधि सेवा समिति के सदस्य सर्वसमाज के सहयोग से आमजन को चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने के लिए एम्बुलेंस सेवा का संचालन करेंगे।
समारोह में सकल जैन समाज के अध्यक्ष ऋषभ पचौरी, विजेंद्र बेहडा, विष्णु समाज के अध्यक्ष हीरालाल तेली, कन्हैया लाल पंचाल, सज्जाद भाई बोहरा, सरपंच पिंकी देवी मीणा और पूर्व सरपंच जीवाराम मीणा सहित सर्वसमाज के प्रतिनिधियों ने भामाशाह मानकुंवर को प्रशस्ति पत्र भेंट कर अभिनंदन किया। कार्यक्रम का संचालन महावीर कड़वावत ने किया।
करीब 30 लाख रुपये की लागत से उपलब्ध कराई गई यह अत्याधुनिक एम्बुलेंस पारसोला में सर्वसमाज के लिए चिकित्सा सहायता का महत्वपूर्ण माध्यम बनेगी। भामाशाह परिवार की इस पहल के माध्यम से स्वर्गीय लक्ष्मीलाल वगैरिया की स्मृति को जनसेवा से जोड़ा गया है।

Dinesh Kumar Jain, Kherwara(Udaipur)
दिनेश कुमार जैन पत्रकारिता जगत का एक अनुभवी और विश्वसनीय नाम हैं। उन्होंने पिछले लगभग 8 वर्षों से प्रिंट मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय रहकर जनहित से जुड़े मुद्दों, प्रशासनिक गतिविधियों, ग्रामीण विकास, सामाजिक सरोकारों तथा स्थानीय समस्याओं को प्रमुखता से उठाया है।
उन्होंने जनवरी 2020 से प्रतिष्ठित समाचार पत्र दैनिक नवज्योति में संवाददाता, खेरवाड़ा एवं नयागांव ब्लॉक (जिला उदयपुर) के रूप में कार्य करते हुए तहसील एवं ब्लॉक स्तर की खबरों को प्रभावी ढंग से पाठकों तक पहुंचाया। इससे पूर्व वे लगभग दो वर्षों तक राजस्थान पत्रिका से भी जुड़े रहे, जहां उन्होंने क्षेत्रीय पत्रकारिता में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
खेरवाड़ा, नयागांव तथा आसपास के ग्रामीण एवं आदिवासी क्षेत्रों की जमीनी समस्याओं, विकास कार्यों, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि एवं सामाजिक मुद्दों पर उनकी विशेष पकड़ रही है। निष्पक्ष, तथ्यपरक और जनहित आधारित पत्रकारिता उनकी पहचान है।
वर्तमान में प्रातःकाल के साथ जुड़कर वे अपने व्यापक अनुभव और क्षेत्रीय समझ के माध्यम से पाठकों तक सटीक, विश्वसनीय और प्रभावशाली समाचार पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं। उनकी पत्रकारिता का उद्देश्य समाज की आवाज को सशक्त मंच प्रदान करना तथा जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाना है।
