झाड़ोल के दमाणा में पिंजरे में कैद हुआ पैंथर, स्वास्थ्य परीक्षण के लिए उदयपुर भेजा गया
उदयपुर के झाड़ोल उपखंड में मंगलवार सुबह वन विभाग ने पैंथर का सुरक्षित रेस्क्यू किया, फलासिया रेंज टीम अब पैंथर की मेडिकल जांच कराएगी।

उदयपुर। झाड़ोल उपखंड क्षेत्र के ग्राम दमाणा में पिछले कुछ समय से मंडरा रहा पैंथर का साया आखिरकार मंगलवार अलसुबह समाप्त हो गया। वन विभाग की टीम ने एक सुनियोजित घेराबंदी के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक पैंथर को सुरक्षित तरीके से पिंजरे में कैद कर लिया है। क्षेत्र में पैंथर की सक्रियता को देखते हुए वन विभाग रेंज फलासिया द्वारा पूर्व में ही पिंजरा लगाया गया था, जिसमें मंगलवार सुबह करीब 4 बजे यह पैंथर फंस गया।
जैसे ही पैंथर के पिंजरे में कैद होने की सूचना मिली, क्षेत्रीय वन अधिकारी दिलीप कुमार गुर्जर के नेतृत्व में विभाग की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। इस रेस्क्यू ऑपरेशन में सहायक वनपाल कमल चंद्र, वनरक्षक दिनेश मेघवाल, पीयूष खराड़ी, सुरेंद्र सिंह और संजय राव सहित अन्य विभागीय स्टाफ ने मुस्तैदी दिखाई। टीम ने अत्यंत सावधानी बरतते हुए पिंजरे में कैद पैंथर को अपने कब्जे में लिया और उसे सुरक्षित रूप से रेंज कार्यालय पहुंचाया।
विभागीय प्रक्रिया के तहत उच्च अधिकारियों को घटनाक्रम से अवगत कराया गया, जिनके निर्देशानुसार पैंथर को आगामी कार्यवाही हेतु उदयपुर के लिए रवाना कर दिया गया है। उदयपुर में विशेषज्ञ पशु चिकित्सकों द्वारा पैंथर का विस्तृत स्वास्थ्य परीक्षण किया जाएगा। स्वास्थ्य जांच में पूर्णतः स्वस्थ पाए जाने के उपरांत ही उच्चाधिकारियों के निर्णय अनुसार उसे पुनः सुरक्षित प्राकृतिक वन क्षेत्र में स्वच्छंद विचरण के लिए छोड़ा जाएगा। वन विभाग की इस त्वरित और सफल कार्यवाही से दमाणा के ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है।

Ruturaj Ravan
यह प्रातःकाल मल्टीमीडिया में वेबसाइट मैनेजर और सोशल मीडिया एक्जीक्यूटिव के रूप में कार्यरत हैं, और पिछले तीन वर्षों से पत्रकारिता व डिजिटल मीडिया में सक्रिय हैं। इससे पूर्व उन्होंने दैनिक प्रहार में वेबसाइट प्रबंधन और सोशल मीडिया के लिए रचनात्मक कंटेंट निर्माण और रणनीतियों में अनुभव अर्जित किया। इन्होंने कोल्हापुर के छत्रपति शिवाजी महाराज विश्वविद्यालय से स्नातक और हैदराबाद के सत्या इंस्टीट्यूट से उच्च शिक्षा पूरी की। इन्हें SEO मैनेजमेंट, सोशल मीडिया और उससे संबंधित रणनीतियाँ तैयार करने में व्यापक अनुभव है।
