फतहनगर। पंचायत चुनाव में मतदान प्रक्रिया को सुचारू रूप से संपन्न कराने वाले मतदान कर्मियों की कार्य परिस्थितियों और स्वास्थ्य को लेकर सवाल उठने लगे हैं। चुनाव आयोग से मांग की गई है कि चुनाव कार्यक्रम निर्धारित करते समय कर्मचारियों के कार्यभार, शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य और पर्याप्त विश्राम की आवश्यकता को प्राथमिकता दी जाए। रातभर बैलेट पेपर तैयार करने, दिनभर मतदान कराने और देर रात तक मतगणना की जिम्मेदारी निभाने की व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने का आग्रह किया गया है।

हाल ही में संपन्न पंचायत चुनाव के प्रथम चरण का हवाला देते हुए बताया गया कि कई मतदान दलों को शाम करीब सात बजे से रातभर सरपंच और पंच पदों के बैलेट पेपर पर प्रत्याशियों के नाम लिखने और उन्हें व्यवस्थित करने के काम में जुटना पड़ा। यह प्रक्रिया सुबह छह बजे तक चलती रही। ऐसे में कई स्थानों पर मतदाताओं के मतदान केंद्रों पर पहुंचने का समय हो गया, जबकि मतदान दल रातभर जागकर चुनावी तैयारियां पूरी करने के कारण काम के दबाव में थे।

चुनाव प्रक्रिया के दौरान मतदान कर्मियों को रातभर चुनाव संबंधी तैयारियां करने के बाद दिनभर मतदान करवाना पड़ता है। इसके बाद देर रात तक मतगणना सहित अन्य जिम्मेदारियां भी निभानी होती हैं। लगातार लंबे समय तक काम करने और पर्याप्त नींद नहीं मिलने से कर्मचारियों के शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका जताई गई है।

इस स्थिति को देखते हुए चुनाव आयोग से विनम्र आग्रह किया गया है कि सरकारी आदेशों का पालन करने वाले कर्मचारियों की कार्यक्षमता और सहनशक्ति की भी एक सीमा होती है। मतदान कर्मी भी इंसान हैं और उन्हें पर्याप्त आराम के साथ बेहतर कार्य परिस्थितियों की आवश्यकता होती है। लोकतांत्रिक प्रक्रिया को सफल बनाने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका को देखते हुए उनकी सुविधाओं और स्वास्थ्य की अनदेखी नहीं की जानी चाहिए।

चुनाव की तैयारियों को व्यवस्थित बनाने के लिए सरपंच और पंच पदों के नामांकन की प्रक्रिया पर्याप्त समय पहले पूरी करवाने की मांग की गई है। इसके साथ ही प्रत्याशियों की अंतिम सूची के आधार पर मुद्रित बैलेट पेपर उपलब्ध करवाने और मतदान दलों को चुनाव संबंधी तैयारियां पूरी करने के लिए पर्याप्त समय देने पर जोर दिया गया है। मतदान और मतगणना की प्रक्रिया के दौरान कर्मचारियों को आवश्यक विश्राम उपलब्ध करवाने की मांग भी उठाई गई है।

मांग उठाने वालों का कहना है कि लोकतंत्र के इस महत्वपूर्ण पर्व को सफल बनाने वाले कर्मचारियों का सम्मान केवल प्रशंसा तक सीमित नहीं रहना चाहिए। उनकी सेहत, सुविधाओं और मानवीय गरिमा का ध्यान रखना भी जरूरी है। चुनाव व्यवस्था का उद्देश्य केवल चुनाव संपन्न करवाना नहीं, बल्कि पूरी प्रक्रिया को सुव्यवस्थित, निष्पक्ष और मानवीय तरीके से संपन्न कराना भी होना चाहिए।

अब यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि चुनाव आयोग मतदान कर्मियों की कार्य परिस्थितियों से जुड़े इस मुद्दे पर कितनी गंभीरता से विचार करता है और भविष्य के चुनावों में उन्हें बेहतर सुविधाएं, पर्याप्त विश्राम तथा व्यवस्थित कार्य व्यवस्था उपलब्ध करवाने के लिए क्या कदम उठाता है।

Vikas Chawada (Udaipur)

Vikas Chawada (Udaipur)

नाम: विकास चावड़ा

वर्तमान पद: संवाददाता (दैनिक प्रातःकाल, फतहनगर क्षेत्र)

कार्यक्षेत्र: फतहनगर, तहसील: मावली, जिला: उदयपुर (राजस्थान)

अनुभव: साल 2020 से लगातार सक्रिय

बीट और मुख्य विषय 

  • स्थानीय समाचार: तहसील मावली के विभिन्न गांवों सहित फतहनगर-सनवाड़ पालिका क्षेत्र के स्थानीय समाचारों की नियमित कवरेज।
  • राजनैतिक एवं क्राइम: क्षेत्र की राजनीतिक हलचल, कानून-व्यवस्था और अपराध से जुड़ी घटनाओं की रिपोर्टिंग।
  • जन समस्याएं व समसामयिक विषय: स्थानीय नागरिकों की समस्याएं, बुनियादी सुविधाएं और समसामयिक मुद्दों पर नियमित लेखन व रिपोर्टिंग।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

हायर सेकेंडरी

Next Story