ग्रामीणों की समस्याओं के त्वरित निस्तारण और जनकल्याणकारी योजनाओं को आमजन तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने के उद्देश्य से ग्राम पंचायत पलसिया में आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर ग्रामीणों के लिए राहत और समाधान का केंद्र बनकर उभरा। दिनभर चले इस शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने अपनी समस्याएं प्रशासन के समक्ष रखीं, जिनमें से अनेक का मौके पर ही समाधान किया गया।

ग्राम पंचायत पलसिया में उपखंड अधिकारी जय सिंह के निर्देशन तथा पूर्व प्रधान अमृत लाल डामोर के मुख्य आतिथ्य में आयोजित इस शिविर में ब्लॉक स्तर के 22 विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। शिविर के दौरान ग्रामीणों ने राजस्व, पंचायत, स्वास्थ्य, कृषि, पशुपालन एवं अन्य विभागों से संबंधित विभिन्न समस्याएं और मांगें अधिकारियों के समक्ष प्रस्तुत कीं। अधिकारियों ने अनेक मामलों का तत्काल निस्तारण करते हुए शेष आवश्यक प्रकरणों के शीघ्र समाधान के निर्देश दिए।

शिविर में तहसीलदार रेवत राम, नोडल प्रभारी, विकास अधिकारी मदन लाल लोहार, बीसीएमएचओ डॉ. अरुण मीणा, सहायक विकास अधिकारी अरुण कुमार सिंह, सरपंच शांता देवी, पंचायत के जनप्रतिनिधि, सहायक कृषि अधिकारी सूरजमल मनात, ग्राम विकास अधिकारी शांति लाल सालवी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

प्रातः 9:30 बजे से सायं 5 बजे तक चले इस शिविर में प्रशासनिक सेवाओं का व्यापक लाभ ग्रामीणों को मिला। शिविर के दौरान 11 नामांतरण, 20 शुद्धिकरण, पथरावड़ी एवं पक्कीकरण संबंधी कार्य, 25 जाति एवं मूल निवास प्रमाण पत्र, रजिस्ट्री एवं भूमि आवंटन से जुड़े प्रकरण, जॉब कार्ड तथा शौचालय गड्ढों की स्वीकृतियों सहित विभिन्न मामलों का निस्तारण किया गया।

स्वास्थ्य विभाग द्वारा भी व्यापक सेवाएं प्रदान की गईं। शिविर में रक्तचाप एवं शुगर जांच, ओरल, ब्रेस्ट और सर्वाइकल कैंसर की स्क्रीनिंग, बच्चों का टीकाकरण तथा टीबी जांच सहित कुल 197 स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई गईं। इसके अलावा आयुर्वेद विभाग ने भी परामर्श सेवाएं प्रदान कीं। वहीं पशुपालन विभाग द्वारा मंगला पशु बीमा योजना से संबंधित 25 कार्य संपादित किए गए।

शिविर को लेकर ग्रामीणों में उत्साह देखने को मिला। उपस्थित लोगों ने इसे जनसमस्याओं के त्वरित समाधान और सरकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त करने का प्रभावी माध्यम बताते हुए प्रशासन की इस पहल की सराहना की। ग्रामीण सेवा शिविर ने एक बार फिर यह साबित किया कि प्रशासन और आमजन के बीच सीधा संवाद विकास और सुशासन की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

Dinesh Kumar Jain, Kherwara(Udaipur)

Dinesh Kumar Jain, Kherwara(Udaipur)

दिनेश कुमार जैन पत्रकारिता जगत का एक अनुभवी और विश्वसनीय नाम हैं। उन्होंने पिछले लगभग 8 वर्षों से प्रिंट मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय रहकर जनहित से जुड़े मुद्दों, प्रशासनिक गतिविधियों, ग्रामीण विकास, सामाजिक सरोकारों तथा स्थानीय समस्याओं को प्रमुखता से उठाया है।

उन्होंने जनवरी 2020 से प्रतिष्ठित समाचार पत्र दैनिक नवज्योति में संवाददाता, खेरवाड़ा एवं नयागांव ब्लॉक (जिला उदयपुर) के रूप में कार्य करते हुए तहसील एवं ब्लॉक स्तर की खबरों को प्रभावी ढंग से पाठकों तक पहुंचाया। इससे पूर्व वे लगभग दो वर्षों तक राजस्थान पत्रिका से भी जुड़े रहे, जहां उन्होंने क्षेत्रीय पत्रकारिता में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

खेरवाड़ा, नयागांव तथा आसपास के ग्रामीण एवं आदिवासी क्षेत्रों की जमीनी समस्याओं, विकास कार्यों, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि एवं सामाजिक मुद्दों पर उनकी विशेष पकड़ रही है। निष्पक्ष, तथ्यपरक और जनहित आधारित पत्रकारिता उनकी पहचान है।

वर्तमान में प्रातःकाल के साथ जुड़कर वे अपने व्यापक अनुभव और क्षेत्रीय समझ के माध्यम से पाठकों तक सटीक, विश्वसनीय और प्रभावशाली समाचार पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं। उनकी पत्रकारिता का उद्देश्य समाज की आवाज को सशक्त मंच प्रदान करना तथा जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाना है।

Next Story