मजदूर दिवस: पलाना कला में श्रमिकों ने एकजुट होकर उठाई आवाज
पलाना कला के कुमारिया गांव में रामदेव महिला श्रमिक संगठन ने कार्यक्रम आयोजित कर सरपंच को बुनियादी सुविधाओं की मांग हेतु ज्ञापन सौंपा।

पलाना कला पंचायत के कुमारिया गांव में अंतरराष्ट्रीय मजदूर दिवस पर आयोजित कार्यक्रम के दौरान सरपंच को मांग पत्र सौंपते रामदेव महिला श्रमिक संगठन के सदस्य।
अंतरराष्ट्रीय मजदूर दिवस के अवसर पर पलाना कला पंचायत के कुमारिया गांव में रामदेव महिला श्रमिक संगठन के बैनर तले आयोजित कार्यक्रम में श्रमिकों ने उत्साह, जागरूकता और एकजुटता के साथ अपनी भागीदारी दर्ज कराई। कार्यक्रम में निर्माण मजदूर, दिहाड़ी श्रमिक और महिला मजदूर बड़ी संख्या में उपस्थित रहे, जहां श्रमिक हितों, अधिकारों और सरकारी योजनाओं को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
कार्यक्रम के दौरान श्रमिकों को सरकार द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। साथ ही उनके अधिकारों, समस्याओं और मांगों पर गंभीरता से विचार-विमर्श किया गया। मौके पर उपस्थित जनदक्षा ट्रस्ट के प्रतिनिधियों ने श्रमिकों को उनके अधिकारों, सरकारी योजनाओं और पंजीकरण प्रक्रिया के बारे में विस्तार से बताया तथा उन्हें संगठित होकर अपने अधिकारों के लिए आवाज उठाने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर गांव के सभी मजदूरों ने पंचायत की सरपंच महोदया के समक्ष अपनी प्रमुख मांगों को ज्ञापन के माध्यम से प्रस्तुत किया। इन मांगों में नियमित पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित करने, अंतिम संस्कार के दौरान महिलाओं के लिए स्नानघर की व्यवस्था करने तथा गांव की पक्की सड़क की मरम्मत करवाने की मांग प्रमुख रही। सरपंच महोदया ने श्रमिकों की सभी मांगों पर आश्वासन देते हुए संबंधित अधिकारियों को तत्काल संज्ञान में लेकर समाधान के निर्देश दिए।
कार्यक्रम का समापन संगठन लीडर प्यारी बाई और भूरी बाई के नेतृत्व में “मजदूर एकता ज़िंदाबाद” के नारों और चेतना गीत के साथ हुआ। इस दौरान जनदक्षा ट्रस्ट से सहायक समन्वयक परशराम लोहार, फिल्ड ऑर्गेनाइजर अनिता चौधरी, लालुराम भील एवं नरेंद्र कालबेलिया भी उपस्थित रहे।
यह आयोजन न केवल श्रमिकों की एकजुटता का प्रतीक बना, बल्कि उनके अधिकारों और मूलभूत सुविधाओं को लेकर स्थानीय प्रशासन के समक्ष संगठित आवाज उठाने का महत्वपूर्ण मंच भी साबित हुआ।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
