राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर राजस्थान में लोकतंत्र के सशक्त प्रहरी सम्मानित, उदयपुर के अशोक कुमार प्रजापत को राज्य स्तरीय गौरव
16वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर जयपुर में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में उदयपुर जिले के झाडोल विधानसभा क्षेत्र के सुपरवाइजर अशोक कुमार प्रजापत को SIR कार्यक्रम में उत्कृष्ट कार्य और 100% डिजिटाइजेशन उपलब्धि के लिए निर्वाचन आयोग द्वारा राज्य स्तर पर सम्मानित किया गया।

लोकतांत्रिक व्यवस्था की मजबूती और मतदाता जागरूकता के प्रति समर्पण को सम्मानित करते हुए 25 जनवरी 2026 को 16वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर राज्य स्तरीय समारोह का भव्य आयोजन राजस्थान इंटरनेशनल सेंटर, जयपुर में किया गया। इस गरिमामय समारोह में पूरे प्रदेश से चयनित उत्कृष्ट कार्मिकों को सम्मानित किया गया, जिसमें उदयपुर जिले के झाडोल विधानसभा क्षेत्र से श्री अशोक कुमार प्रजापत का नाम विशेष रूप से गौरव के साथ उल्लेखनीय रहा।
कार्यक्रम में महामहिम राज्यपाल श्री हरिभाउ बागड़े मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उनके साथ मुख्य निर्वाचन अधिकारी राजस्थान श्री नवीन जी महाजन, मुख्य सचिव श्री वी. निवास, मुख्य निर्वाचन आयुक्त श्री राजेश्वर सिंह, विशिष्ट अतिथि के रूप में जयपुर संभागीय आयुक्त श्रीमती पूनम जी तथा जयपुर जिला कलेक्टर श्री जितेंद्र जी सोनी मंचासीन रहे। समारोह के दौरान प्रदेशभर से चयनित आठ सुपरवाइजरों को निर्वाचन संबंधी उत्कृष्ट सेवाओं के लिए राज्य स्तर पर सम्मानित किया गया।
उदयपुर जिले से झाडोल विधानसभा क्षेत्र के सुपरवाइजर श्री अशोक कुमार प्रजापत को निर्वाचन आयोग के विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision – SIR) कार्यक्रम में उल्लेखनीय योगदान के लिए यह सम्मान प्रदान किया गया। श्री प्रजापत ने SIR अभियान के दौरान कुशल पर्यवेक्षण और प्रभावी समन्वय का परिचय देते हुए ढिमडी सर्किल के 12 बीएलओ के साथ मिलकर जिले में सबसे पहले अपने सर्किल के गणना प्रपत्रों का शत-प्रतिशत डिजिटाइजेशन सुनिश्चित किया। यह उपलब्धि जिले के निर्वाचन कार्यों में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर मानी जा रही है।
उनके द्वारा किए गए कार्यों की नियमित समीक्षा निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी, झाडोल तथा जिला कलेक्टर उदयपुर द्वारा की जाती रही। साथ ही, राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी श्री नवीन जी महाजन ने भी इस पूरे कार्य की बारीकी से निगरानी की। कार्य की गुणवत्ता, समयबद्धता और पारदर्शिता को देखते हुए श्री प्रजापत को राज्य स्तरीय सम्मान प्रदान करने का निर्णय लिया गया।
राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर मिला यह सम्मान न केवल श्री अशोक कुमार प्रजापत की व्यक्तिगत उपलब्धि है, बल्कि उदयपुर जिले और झाडोल विधानसभा क्षेत्र के लिए भी गर्व का विषय है। यह सम्मान प्रशासनिक दक्षता, तकनीकी नवाचार और लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं को सुदृढ़ करने के प्रति समर्पण का प्रतीक बनकर उभरा है।

Ruturaj Ravan
यह प्रातःकाल मल्टीमीडिया में वेबसाइट मैनेजर और सोशल मीडिया एक्जीक्यूटिव के रूप में कार्यरत हैं, और पिछले तीन वर्षों से पत्रकारिता व डिजिटल मीडिया में सक्रिय हैं। इससे पूर्व उन्होंने दैनिक प्रहार में वेबसाइट प्रबंधन और सोशल मीडिया के लिए रचनात्मक कंटेंट निर्माण और रणनीतियों में अनुभव अर्जित किया। इन्होंने कोल्हापुर के छत्रपति शिवाजी महाराज विश्वविद्यालय से स्नातक और हैदराबाद के सत्या इंस्टीट्यूट से उच्च शिक्षा पूरी की। इन्हें SEO मैनेजमेंट, सोशल मीडिया और उससे संबंधित रणनीतियाँ तैयार करने में व्यापक अनुभव है।
