मावली। सरकारी विद्यालयों में शिक्षा की गुणवत्ता, पारदर्शिता और अभिभावकों की सक्रिय सहभागिता को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की जा रही है। मावली एवं खेमली ब्लॉक के समस्त राजकीय विद्यालयों में आगामी 23 दिसंबर 2025, मंगलवार को मेगापीटीएम बैठक का व्यापक स्तर पर आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में कृष्ण भोग कार्यक्रम का आयोजन भी किया जाएगा, जो शैक्षिक संवाद को सांस्कृतिक भावनाओं से जोड़ने का माध्यम बनेगा।

मेगापीटीएम बैठक के दौरान विद्यार्थियों के दक्षता आंकलन परिणाम तथा अर्द्धवार्षिक परीक्षा परिणामों की विषयवार गहन समीक्षा की जाएगी। शिक्षकों द्वारा प्रत्येक विद्यार्थी की शैक्षणिक प्रगति, सीखने की स्थिति और सुधार की संभावनाओं पर अभिभावकों के साथ विस्तार से चर्चा की जाएगी, ताकि शिक्षा को और अधिक प्रभावी व परिणामोन्मुख बनाया जा सके।

बैठक में आगामी नए शैक्षिक सत्र 2026–27 की तैयारियों को लेकर भी महत्वपूर्ण जानकारियां साझा की जाएंगी। विशेष रूप से 1 अप्रैल से नए सत्र के शुभारंभ को लेकर की जा रही योजनाओं, शैक्षणिक नवाचारों और प्रशासनिक व्यवस्थाओं पर प्रकाश डाला जाएगा, जिससे अभिभावक पहले से ही शैक्षणिक रोडमैप से अवगत हो सकें।

इस संबंध में जानकारी देते हुए मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी, समग्र शिक्षा मावली, सुख लाल गुर्जर ने बताया कि मेगापीटीएम का उद्देश्य विद्यालय और अभिभावकों के बीच संवाद को सुदृढ़ करना तथा प्रत्येक विद्यार्थी के सर्वांगीण विकास को सुनिश्चित करना है। यह आयोजन न केवल शैक्षणिक समीक्षा का मंच बनेगा, बल्कि सामूहिक सहभागिता के माध्यम से सरकारी विद्यालयों की शिक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने की दिशा में एक अहम कदम सिद्ध होगा।

Bhupesh Prajapat (Udaipur)

Bhupesh Prajapat (Udaipur)

नाम: भूपेश प्रजापत

वर्तमान पद: रिपोर्टर

कार्यक्षेत्र: मावली (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): राजनीति और क्राइम (अपराध)

परिचय 

भूपेश प्रजापत मावली क्षेत्र के ग्राउंड रिपोर्टर हैं। वह मुख्य रूप से स्थानीय राजनीति और आपराधिक मामलों की रिपोर्टिंग करते हैं। इसके साथ ही वह क्षेत्र की जन समस्याओं, सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन और प्रशासनिक स्तर पर भ्रष्टाचार से जुड़े मामलों व उनकी जांच पर नियमित रूप से समाचार कवर करते हैं।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

भूपेश प्रजापत शैक्षणिक रूप से स्नातक (Graduate) हैं।

Next Story