उदयपुर। भटेवर क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-48 के समीप स्थित किसानों के खेतों में भरे बरसाती पानी की समस्या को दूर करने के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण ने कार्यवाही की शुरुआत कर दी है। लंबे समय से जलभराव के कारण प्रभावित किसानों की फसलें चौपट हो चुकी थीं और आगामी रबी सीजन की बुवाई भी खतरे में पड़ गई थी। अब प्रशासनिक स्तर पर इस गंभीर समस्या के समाधान के लिए ठोस कदम उठाए जा रहे हैं।

जानकारी के अनुसार, रेलवे पुलिया से खोखरवास मार्ग तक हाईवे के दक्षिण दिशा में फैले खेतों में बरसाती पानी के निकास का कोई उचित प्रबंध नहीं था। जलभराव के कारण किसानों को अपनी फसलें नष्ट करनी पड़ीं और नई बुवाई की संभावना भी धूमिल हो गई। किसानों ने इस मुद्दे को गंभीरता से उठाते हुए तहसीलदार, एसडीएम, जिला कलेक्टर और संभागीय आयुक्त को ज्ञापन सौंपकर शीघ्र समाधान की मांग की थी।

किसानों की पीड़ा सुनने के बाद राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के अधिकारी सक्रिय हुए। मंगलवार को हाईवे विभाग के अधिकारी संजय शर्मा, इशाक खान सहित अन्य कर्मचारियों ने भटेवर पहुंचकर प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान भाजपा किसान मोर्चा प्रदेश कार्यसमिति के अध्यक्ष धनराज अहीर, पूर्व वार्ड पंच कालूलाल जणवा, बंशीलाल जणवा, घासीराम जणवा, किशनलाल आमेटा, राधेश्याम जणवा, रोशन प्रजापत, डालचंद्र प्रजापत सहित कई स्थानीय किसान मौजूद रहे।

किसानों ने अधिकारियों को खेतों में भरे पानी की स्थिति का प्रत्यक्ष अवलोकन करवाया और समस्या की गहनता से अवगत कराया। अधिकारियों ने मौके पर ही भरोसा दिलाया कि शीघ्र ही जेसीबी मशीनों और श्रमिकों की मदद से वैकल्पिक कच्ची नालियां बनाकर पानी की निकासी शुरू कर दी जाएगी। उन्होंने बताया कि प्रारंभिक तौर पर अस्थायी समाधान के रूप में यह व्यवस्था की जाएगी, जबकि बाद में पक्के नाले का निर्माण कर स्थायी रूप से जल निकासी की समस्या का निवारण किया जाएगा।

अधिकारियों की इस सक्रियता से किसानों में राहत की भावना देखने को मिली। खेतों में भरा पानी सूखने के बाद स्थायी समाधान लागू करने की तैयारी के साथ, उम्मीद जताई जा रही है कि भविष्य में किसानों को इस तरह की समस्या से निजात मिलेगी और रबी फसल की बुवाई सुचारू रूप से संपन्न हो सकेगी।

Hemant Ameta, Udaipur

Hemant Ameta, Udaipur

हेमंत अमेटा उदयपुर से प्रात:काल के लिए समाचार कवर करने वाले अनुभवी रिपोर्टर हैं। वे स्थानीय, राज्य और राष्ट्रीय स्तर की खबरों को सटीक और निष्पक्ष दृष्टिकोण से पाठकों तक पहुँचाने के लिए समर्पित हैं। हेमंत अपने तेज़ रिफ्लेक्स और खबरों की गहन जांच के लिए जाने जाते हैं, जिससे पाठकों को हर अपडेट समय पर और भरोसेमंद जानकारी के साथ मिलती है।

Next Story