निम्बाहेड़ा (प्रात:काल संवाददाता)। अवैध मादक पदार्थों और अवैध शराब के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली थाना पुलिस ने एक बड़ी सफलता अर्जित की है। पुलिस ने स्थानीय दशहरा मैदान स्थित मीरा रंग मंच पर दबिश देकर एक युवक को 24 बोतल अवैध बीयर के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान राजू माली पुत्र हेमराज माली, उम्र 37 वर्ष, निवासी बरड़ा के रूप में हुई है।

घटनाक्रम के अनुसार, कोतवाली थाना के हेड कांस्टेबल विनोद कुमार, कानिस्टेबल ज्ञानप्रकाश, शिशपाल और चालक तरुण की टीम संध्याकालीन गश्त और स्पेशल एक्ट के तहत कार्रवाई हेतु कस्बे में तैनात थी। इसी दौरान रात्रि 11:15 बजे मुखबिर के जरिए पुख्ता सूचना प्राप्त हुई कि दशहरा मैदान स्थित मीरा रंग मंच के पास एक व्यक्ति शराब के कार्टन लेकर बैठा है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस जाब्ता तत्काल मौके पर पहुंचा, जहां मीरा रंग मंच की सीढ़ियों पर एक संदिग्ध व्यक्ति दो गत्ते के कार्टन लेकर बैठा दिखाई दिया।

पुलिस जाब्ते ने युवक से उसका नाम-पता पूछा और नियमानुसार तलाशी ली। तलाशी के दौरान दोनों कार्टन में 650-650 एमएल की 'टुबोर्ग प्रीमियम बीयर' की कुल 24 पारदर्शी कांच की बोतलें बरामद हुईं। जब पुलिस ने उक्त शराब के संबंध में लाइसेंस या वैध अनुज्ञा पत्र मांगा, तो आरोपी कोई भी दस्तावेज पेश नहीं कर सका। इसके पश्चात, पुलिस ने आरोपी को धारा 35 बी.एन.एस.एस.-2023 के प्रावधानों से अवगत कराते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया और अवैध बीयर को जब्त कर लिया। इस त्वरित कार्रवाई ने क्षेत्र में अवैध शराब का कारोबार करने वालों के बीच हड़कंप मचा दिया है।

Pratahkal HQ

Pratahkal HQ

Next Story