गौमाता को राष्ट्रमाता घोषित करने की मांग को लेकर सड़कों पर उतरा जनसैलाब
निम्बाहेड़ा में सनातनी समाज ने 8 सूत्रीय मांगों को लेकर जुलूस निकाला और राज्यपाल के नाम तहसीलदार को 21 हजार हस्ताक्षरों वाला ज्ञापन सौंपा।

गौमाता को राष्ट्रीय माता घोषित करने और गोवंश संरक्षण के लिए कठोर कानून बनाने की मांग को लेकर सोमवार को निम्बाहेड़ा में सनातनी समाज के हजारों लोग सड़कों पर उतर आए। गौ सम्मान दिवस पर प्रधान संरक्षक वेदलक्षणा गोमाता एवं अध्यक्ष नंदी बाबा(वृषभज) की प्रेरणा से संचालित गो सम्मान आह्वान अभियान के तहत यह व्यापक जनआंदोलन आयोजित किया गया।
माल गोदाम रोड पर एकत्रित हुए हजारों की तादाद में सनातनी भाई-बहनों ने एकमत होकर गौवंश के समर्थन में 8 सूत्री मांगों को लेकर नगर के प्रमुख मार्गों पर शांतिपूर्ण जुलूस निकाला। जुलूस के दौरान प्रदर्शनकारियों के हाथों में “गो हत्या बंद हो”, “गौ हत्यारों को फांसी दो”, “गौ माता को राष्ट्रीय माता घोषित करो” जैसे नारों वाली तख्तियां दिखाई दीं, जो उनके उत्साह और मांगों की गंभीरता को स्पष्ट कर रही थीं।
जुलूस उपखंड कार्यालय पहुंचा, जहां संतों के सानिध्य में 21 हजार लोगों द्वारा हस्ताक्षरित राज्यपाल के नाम प्रार्थनापत्र की चार प्रतियां तहसीलदार घनश्याम जेरवार को सौंपी गईं। प्रार्थनापत्र सौंपने से पूर्व गौ प्रचारक ने अपनी ओजस्वी वाणी में प्रार्थना पत्र का वाचन कर मांगों को विस्तार से प्रस्तुत किया।
प्रार्थनापत्र में राजस्थान राज्य में गोवंश के वध पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने, गौमाता के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए सख्त और प्रभावी कानून बनाने की मांग को प्रमुखता से रखा गया। प्रदर्शनकारियों ने सरकार से इस विषय पर शीघ्र निर्णय लेकर कठोर कानून लागू करने की अपेक्षा जताई।
इस व्यापक जनसमर्थन और संगठित प्रदर्शन ने गौ संरक्षण को लेकर क्षेत्र में बढ़ती जागरूकता और जनभावना को स्पष्ट रूप से रेखांकित किया।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
