निम्बाहेड़ा में भव्य भजन जैमिंग नाइट आयोजित, हजारों श्रद्धालु झुमे
श्री सेवा युवा संस्थान द्वारा सेलिब्रेशन ग्रीन में पहली बार आयोजित भजन नाइट में जिला कलेक्टर डॉ. मंजू और विधायक श्रीचंद कृपलानी ने किया दीप प्रज्ज्वलन।

निम्बाहेड़ा। सनातन संस्कृति, भक्ति और आधुनिक संगीत के अद्भुत समन्वय के साथ श्री सेवा युवा संस्थान द्वारा नगर में पहली बार आयोजित की गई भव्य 'भजन जैमिंग नाइट' आस्था और सांस्कृतिक उल्लास का विराट उत्सव बन गई। नगर की आर.के. कॉलोनी स्थित सेलिब्रेशन ग्रीन के प्रांगण में आयोजित इस अभूतपूर्व एवं अनूठे आयोजन में हजारों की संख्या में श्रद्धालु, युवा, महिलाएं एवं वरिष्ठजन साक्षी बने। देर रात तक प्रवाहित होती रही भक्ति रस की अविरल सरिता के बीच पूरा परिसर भगवान श्रीराम और श्रीकृष्ण के गगनभेदी जयघोषों से लगातार गुंजायमान रहा, जिसने संपूर्ण वातावरण को पूरी तरह से आध्यात्मिक रंग में सराबोर कर दिया।
इस भव्य आध्यात्मिक महोत्सव का विधिवत शुभारंभ मुख्य अतिथि जिला कलेक्टर डॉ. मंजू एवं श्री सेवा संस्थान के अध्यक्ष व विधायक श्रीचंद कृपलानी द्वारा भगवान श्री गणेश की प्रतिमा पर माल्यार्पण, पूजा-अर्चना एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। इसके पश्चात कार्यक्रम के मुख्य आकर्षण और देश के ख्यातनाम 'भजन बिट्स' के कलाकारों ने मंच संभालते हुए लगातार दो घंटे से भी अधिक समय तक अत्यंत ऊर्जावान और भावपूर्ण प्रस्तुतियां दीं। पारंपरिक भजनों को आधुनिक संगीत शैली तथा जैमिंग बीट्स के जीवंत फ्यूजन के साथ प्रस्तुत करने के इस अनूठे प्रयोग ने उपस्थित हजारों श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। भजनों के इस आधुनिक स्वरूप को देखकर विशेष रूप से युवाओं में भारी उत्साह और ऊर्जा का संचार देखने को मिला, जहां हर प्रस्तुति पर उपस्थित जनसमुदाय तालियों और जयकारों की गूंज के साथ कलाकारों का निरंतर उत्साहवर्धन करता रहा।
आयोजन के दौरान 'राम आएंगे तो अंगना सजाऊंगी', 'राधे-राधे श्याम मिलादे', 'हरे कृष्णा हरे रामा', 'भारत का बच्चा-बच्चा जय श्रीराम बोलेगा', 'म्हारा श्रीनाथ जी खम्मा रे खम्मा' तथा 'श्री राम जानकी बैठे हैं मेरे सीने में' जैसे सुप्रसिद्ध और लोकप्रिय भजनों की एक से बढ़कर एक प्रस्तुतियां दी गईं। इन भजनों की सुमधुर तानों और जैमिंग बिट्स की थाप पर युवा वर्ग देर रात तक पूरी तरह सुध-बुध खोकर झूमता और भावविभोर होकर नृत्य करता नजर आया। कार्यक्रम के अंतिम चरण में देशभक्ति के जज्बे से ओतप्रोत 'वन्दे मातरम' एवं अन्य राष्ट्रभक्ति गीतों की सशक्त प्रस्तुति ने संपूर्ण आयोजन स्थल को राष्ट्र प्रेम की अनूठी भावना से ओतप्रोत कर दिया। समापन के अवसर पर वहां उपस्थित हजारों राष्ट्रभक्तों ने एक स्वर में राष्ट्रगान गाया तथा गगनभेदी जयघोष के साथ भारत माता के प्रति अपनी अगाध श्रद्धा व निष्ठा व्यक्त की। निम्बाहेड़ा की धरा पर आयोजित यह ऐतिहासिक महोत्सव युवाओं में सनातन संस्कृति के गौरव तथा राष्ट्रभक्ति की अलख जगाने में पूरी तरह मील का पत्थर साबित हुआ है।

