मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने संभावित भाजपा प्रत्याशियों से किया संवाद, दिया विजय मंत्र
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने भाजपा के संभावित निकाय प्रत्याशियों से वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए संवाद कर चुनावी रणनीति और विजय कार्ययोजना पर चर्चा की। सलूंबर में प्रत्याशियों ने निर्देशों के साथ वार्डवार फीडबैक भी दिया।

तस्वीर में सलूंबर के लव कुश शिक्षण संस्थान सभागार में बैठे भाजपा नेता और संभावित प्रत्याशी नजर आ रहे हैं।
रविवार को प्रदेश के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने निकाय चुनावों के संभावित भाजपा प्रत्याशियों से वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से संवाद किया। प्रातः 12 बजे शुरू हुई यह बैठक करीब एक घंटे तक चली। इस दौरान मुख्यमंत्री ने चुनावी रणनीति और सुनिश्चित विजय की कार्ययोजना को लेकर प्रत्याशियों से चर्चा की तथा चुनाव अभियान को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
सलूंबर में लव कुश शिक्षण संस्थान के सभागार में भाजपा सलूंबर नगर परिषद के संभावित प्रत्याशी जिलाध्यक्ष चंद्रशेखर जोशी, निकाय चुनाव प्रभारी तख्त सिंह शक्तावत एवं मंडल अध्यक्ष विजेश भलवाड़ा के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंस से जुड़े। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने प्रत्याशियों को चुनाव में पूरी सक्रियता के साथ जुटने का संदेश दिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि डबल इंजन की सरकार में एक इंजन और जोड़ना है, ताकि विकास की गति बढ़े। उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार के विकास कार्यों को लेकर जनता के बीच जाने की बात कही। साथ ही प्रचार अभियान, जनसंपर्क और डोर-टू-डोर एप्रोच के माध्यम से हर मतदाता से जीवंत संपर्क की पद्धति अपनाने के निर्देश दिए।
सीएम भजनलाल शर्मा ने कहा कि यह सिर्फ चुनाव नहीं, बल्कि विचारों का भी युद्ध है। देश विरोधी ताकतों और विचारों को कौनसी राजनीतिक विचारधारा पोषण दे रही है, यह देश ने देखा है। उन्होंने कहा कि सरकार और संगठन के कैमरे सभी निकायों के चुनावी अभियान पर रहेंगे तथा केंद्र और प्रदेश संगठन स्थानीय संगठन के साथ चुनावी विजय अभियान में पूरी तरह सहयोगी रहेंगे।
निकाय चुनाव प्रभारी तख्त सिंह शक्तावत, जिलाध्यक्ष चंद्रशेखर जोशी एवं विधि प्रकोष्ठ संयोजक सोहन लाल चौधरी ने नामांकन प्रक्रिया और नामांकन रैली की तैयारियों को लेकर प्रत्याशियों को आवश्यक निर्देश दिए। इस दौरान वार्डवार फीडबैक भी लिया गया।
कार्यक्रम के दौरान जिलाध्यक्ष चंद्रशेखर जोशी और मंडल अध्यक्ष विजेश भलवाड़ा के साथ सभी प्रत्याशियों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रेडियो संवाद कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 137वें संस्करण को भी सुना। इस तरह संभावित प्रत्याशियों के संवाद कार्यक्रम में चुनावी रणनीति, नामांकन तैयारियों और संगठनात्मक गतिविधियों को लेकर दिशा-निर्देश दिए गए।

Vikas Chawada (Udaipur)
नाम: विकास चावड़ा
वर्तमान पद: संवाददाता (दैनिक प्रातःकाल, फतहनगर क्षेत्र)
कार्यक्षेत्र: फतहनगर, तहसील: मावली, जिला: उदयपुर (राजस्थान)
अनुभव: साल 2020 से लगातार सक्रिय
बीट और मुख्य विषय
- स्थानीय समाचार: तहसील मावली के विभिन्न गांवों सहित फतहनगर-सनवाड़ पालिका क्षेत्र के स्थानीय समाचारों की नियमित कवरेज।
- राजनैतिक एवं क्राइम: क्षेत्र की राजनीतिक हलचल, कानून-व्यवस्था और अपराध से जुड़ी घटनाओं की रिपोर्टिंग।
- जन समस्याएं व समसामयिक विषय: स्थानीय नागरिकों की समस्याएं, बुनियादी सुविधाएं और समसामयिक मुद्दों पर नियमित लेखन व रिपोर्टिंग।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
हायर सेकेंडरी
