खबर का असर: एनएच-927ए की जर्जर सड़क पर शुरू हुआ मरम्मत कार्य, अधिशाषी अभियंता ने लिया त्वरित संज्ञान
खेरवाड़ा से भाणदा, बावलवाडा, सोम होते हुए स्वरूपगंज तक जाने वाले एनएच-927ए की जर्जर सड़क को लेकर प्रकाशित समाचार के बाद विभाग हरकत में आया। अधिशाषी अभियंता भूपेंद्र कुमार के निर्देश पर मरम्मतीकरण और पेचवर्क का कार्य शुरू हो गया है, जबकि क्षेत्रवासी अब स्थायी सुदृढ़ीकरण और चौड़ीकरण की मांग कर रहे हैं।

तस्वीर में खेरवाड़ा के नेशनल हाईवे-927ए की जर्जर और कीचड़युक्त सड़क पर पेचवर्क और मरम्मत कार्य के तहत सड़क पर निर्माण सामग्री का ढेर तथा जेसीबी मशीन नजर आ रही है।
खेरवाड़ा। नेशनल हाईवे-927ए की जर्जर सड़क को लेकर प्रकाशित समाचार का सकारात्मक असर सामने आया है। खेरवाड़ा से भाणदा, बावलवाडा, सोम होते हुए स्वरूपगंज तक जाने वाले इस महत्वपूर्ण मार्ग की बदहाल स्थिति को प्रमुखता से उठाए जाने के बाद एनएच-927ए के अधिशाषी अभियंता भूपेंद्र कुमार ने मामले का तत्काल संज्ञान लिया।
अधिशाषी अभियंता भूपेंद्र कुमार के निर्देश पर संबंधित विभाग ने सड़क के क्षतिग्रस्त हिस्सों पर मरम्मतीकरण एवं पेचवर्क का कार्य शुरू कर दिया है। सड़क पर बने बड़े-बड़े गड्ढों को भरने का कार्य युद्ध स्तर पर किया जा रहा है, जिससे आमजन और वाहन चालकों को राहत मिलने की उम्मीद है।
गौरतलब है कि लगातार बारिश के कारण सड़क पर जगह-जगह गहरे गड्ढे हो गए थे। सड़क के दोनों ओर कीचड़ जमा होने से विशेष रूप से दुपहिया वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। क्षेत्रवासियों ने सड़क की तत्काल मरम्मत की मांग उठाते हुए संभावित दुर्घटनाओं की आशंका भी जताई थी।
मरम्मत कार्य शुरू होने पर क्षेत्र के लोगों ने संतोष व्यक्त करते हुए अधिशाषी अभियंता भूपेंद्र कुमार तथा संबंधित विभाग का आभार जताया है। साथ ही उन्होंने मांग की है कि सड़क का स्थायी रूप से सुदृढ़ीकरण एवं चौड़ीकरण भी शीघ्र कराया जाए, ताकि भविष्य में आमजन को सुरक्षित एवं सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके।

Dinesh Kumar Jain, Kherwara(Udaipur)
दिनेश कुमार जैन पत्रकारिता जगत का एक अनुभवी और विश्वसनीय नाम हैं। उन्होंने पिछले लगभग 8 वर्षों से प्रिंट मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय रहकर जनहित से जुड़े मुद्दों, प्रशासनिक गतिविधियों, ग्रामीण विकास, सामाजिक सरोकारों तथा स्थानीय समस्याओं को प्रमुखता से उठाया है।
उन्होंने जनवरी 2020 से प्रतिष्ठित समाचार पत्र दैनिक नवज्योति में संवाददाता, खेरवाड़ा एवं नयागांव ब्लॉक (जिला उदयपुर) के रूप में कार्य करते हुए तहसील एवं ब्लॉक स्तर की खबरों को प्रभावी ढंग से पाठकों तक पहुंचाया। इससे पूर्व वे लगभग दो वर्षों तक राजस्थान पत्रिका से भी जुड़े रहे, जहां उन्होंने क्षेत्रीय पत्रकारिता में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
खेरवाड़ा, नयागांव तथा आसपास के ग्रामीण एवं आदिवासी क्षेत्रों की जमीनी समस्याओं, विकास कार्यों, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि एवं सामाजिक मुद्दों पर उनकी विशेष पकड़ रही है। निष्पक्ष, तथ्यपरक और जनहित आधारित पत्रकारिता उनकी पहचान है।
वर्तमान में प्रातःकाल के साथ जुड़कर वे अपने व्यापक अनुभव और क्षेत्रीय समझ के माध्यम से पाठकों तक सटीक, विश्वसनीय और प्रभावशाली समाचार पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं। उनकी पत्रकारिता का उद्देश्य समाज की आवाज को सशक्त मंच प्रदान करना तथा जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाना है।
