खेरवाड़ा में राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 927-ए की बदहाल स्थिति को लेकर पूर्व पंचायत समिति सदस्य अश्विन दरंगा एवं प्रियंका परमार ने केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी को पत्र भेजकर सड़क की शीघ्र मरम्मत एवं सुधार कार्य करवाने की मांग की है।

पत्र में बताया गया कि एनएच-927ए को पिछले करीब 10 वर्षों से राष्ट्रीय राजमार्ग का दर्जा प्राप्त होने के बावजूद इसकी स्थिति खस्ताहाल बनी हुई है। सड़क पर जगह-जगह गड्ढे होने और मार्ग की हालत खराब होने से वाहन चालकों एवं आमजन को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई स्थानों पर सड़क की स्थिति इतनी खराब है कि वाहन चालकों को बेहद धीमी गति से गुजरना पड़ता है।

पत्र में कहा गया कि इस मार्ग पर प्रतिदिन बड़ी संख्या में छोटे-बड़े वाहनों का आवागमन रहता है। सड़क की बदहाल स्थिति के कारण आए दिन दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। विशेष रूप से बारिश के दौरान सड़क पर गड्ढों एवं कीचड़ के कारण परेशानी और बढ़ जाती है। ग्रामीणों एवं राहगीरों को भी आवागमन में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

पत्र के माध्यम से केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से मांग की गई कि राष्ट्रीय राजमार्ग 927-ए की स्थिति का शीघ्र संज्ञान लेकर संबंधित विभाग एवं निर्माण एजेंसी को आवश्यक निर्देश दिए जाएं। साथ ही सड़क की मरम्मत एवं सुदृढ़ीकरण का कार्य प्राथमिकता से करवाने और मार्ग की नियमित देखरेख एवं रखरखाव सुनिश्चित करने की मांग की गई, ताकि क्षेत्रवासियों को सुरक्षित एवं सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके।

Pratahkal Hub

Pratahkal Hub

प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"

Next Story