नीलकंठ महादेव मंदिर में फिर चोरी, सीसीटीवी में दिखे तीन संदिग्ध
बार-बार हो रही चोरी की घटनाओं से नाराज ग्रामीणों ने पुलिस कार्रवाई न होने पर ढूंढिया बस स्टैंड पर धरना देने की चेतावनी दी है।

तस्वीर में मंदिर परिसर में दो ढके चेहरे वाले व्यक्ति दानपात्र खोलते दिख रहे हैं।
नीलकंठ महादेव मंदिर में गुरुवार-शुक्रवार की मध्यरात्रि करीब 2 बजे अज्ञात चोरों ने फिर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरों में तीन संदिग्ध व्यक्ति नजर आए हैं। दो संदिग्ध दानपात्र खोलने का प्रयास करते दिखाई दे रहे हैं, जबकि तीसरा आसपास निगरानी करता नजर आ रहा है। तीनों ने अपने चेहरे कपड़े से ढक रखे थे।
नीलकंठ महादेव मंदिर आबादी क्षेत्र से दूर सुनसान स्थान पर स्थित है। इसी का फायदा उठाकर अज्ञात चोरों ने मंदिर के भंडार/दानपात्र को निशाना बनाया। घटना की जानकारी सामने आने के बाद मंदिर से जुड़े श्रद्धालुओं और ग्रामीणों में रोष व्याप्त है।
श्रद्धालुओं के अनुसार मंदिर में चोरी की यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी करीब 5-6 बार मंदिर में चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं। प्रत्येक घटना के बाद पुलिस थाने में शिकायत एवं रिपोर्ट दर्ज करवाकर कार्रवाई की मांग की गई, लेकिन श्रद्धालुओं का आरोप है कि अब तक चोरों का पता नहीं लगाया जा सका है। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं ने मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
श्रद्धालुओं का कहना है कि मंदिर आबादी क्षेत्र से दूर होने के कारण रात के समय यहां निगरानी की व्यवस्था नहीं रहती। ऐसे में असामाजिक तत्व सुनसान स्थान का फायदा उठाकर वारदात को अंजाम दे रहे हैं।
इस बार हुई चोरी की पूरी घटना मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हुई है। फुटेज में तीन व्यक्ति दिखाई दे रहे हैं। दो व्यक्ति दानपात्र को खोलने का प्रयास करते नजर आ रहे हैं, जबकि एक व्यक्ति कुछ दूरी पर खड़ा होकर निगरानी करता दिखाई देता है। सभी ने चेहरे ढक रखे हैं। श्रद्धालुओं की मांग है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस संदिग्धों की पहचान कर जल्द कार्रवाई करे।
मंदिर से जुड़े भक्तों ने पुलिस प्रशासन से चोरी की घटना को गंभीरता से लेते हुए सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने तथा पूर्व में हुई चोरी की घटनाओं का भी खुलासा करने की मांग की है।
श्रद्धालुओं ने कहा कि यदि इस बार भी पुलिस प्रशासन द्वारा प्रभावी कार्रवाई नहीं की जाती और चोरों को गिरफ्तार नहीं किया जाता है तो भक्तों एवं ग्रामीणों की ओर से ढूंढिया बस स्टैंड पर धरना-प्रदर्शन कर सड़क जाम करने का निर्णय लिया जा सकता है। श्रद्धालुओं ने पुलिस प्रशासन से समय रहते मामले में सख्त कार्रवाई कर मंदिरों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।
भक्तों ने क्षेत्र के सभी श्रद्धालुओं और ग्रामीणों से भी इस मामले में एकजुट होकर चर्चा करने तथा पुलिस प्रशासन तक अपनी मांग पहुंचाने का आह्वान किया है, ताकि मंदिर में बार-बार हो रही चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।

Vikas Chawada (Udaipur)
नाम: विकास चावड़ा
वर्तमान पद: संवाददाता (दैनिक प्रातःकाल, फतहनगर क्षेत्र)
कार्यक्षेत्र: फतहनगर, तहसील: मावली, जिला: उदयपुर (राजस्थान)
अनुभव: साल 2020 से लगातार सक्रिय
बीट और मुख्य विषय
- स्थानीय समाचार: तहसील मावली के विभिन्न गांवों सहित फतहनगर-सनवाड़ पालिका क्षेत्र के स्थानीय समाचारों की नियमित कवरेज।
- राजनैतिक एवं क्राइम: क्षेत्र की राजनीतिक हलचल, कानून-व्यवस्था और अपराध से जुड़ी घटनाओं की रिपोर्टिंग।
- जन समस्याएं व समसामयिक विषय: स्थानीय नागरिकों की समस्याएं, बुनियादी सुविधाएं और समसामयिक मुद्दों पर नियमित लेखन व रिपोर्टिंग।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
हायर सेकेंडरी
