नयागांव ब्लॉक में पशु चिकित्सा सुविधाओं का विस्तार, पांच नए उपकेंद्र खोलने का प्रस्ताव
नयागांव ब्लॉक में पशु चिकित्सा सुविधाओं के विस्तार की तैयारी है। पॉलीक्लिनिक, नए अस्पताल और पांच पशु चिकित्सा उपकेंद्रों के प्रस्ताव भेजे गए हैं।

तस्वीर में नयागांव ब्लॉक स्थित राजकीय प्रथम श्रेणी पशु चिकित्सालय की इमारत दिखाई दे रही है, जिसके बाहर दो मोटरसाइकिलें खड़ी हैं।
खेरवाड़ा विधानसभा क्षेत्र के नयागांव ब्लॉक में पशुपालकों को बेहतर और स्थानीय स्तर पर पशु चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए पशुपालन विभाग की ओर से विभिन्न प्रस्ताव सरकार को भेजे गए हैं। इनमें नयागांव के प्रथम श्रेणी पशु चिकित्सालय को पॉलीक्लिनिक के रूप में विकसित करने के साथ एक प्रथम श्रेणी पशु अस्पताल, पांच पशु अस्पताल और पांच नए पशु चिकित्सा उपकेंद्र खोलने का प्रस्ताव शामिल है।
वर्तमान में ब्लॉक क्षेत्र के पशुपालकों को गंभीर बीमारियों से ग्रसित पशुओं के उपचार, विशेषज्ञ चिकित्सकीय परामर्श, प्रयोगशाला जांच, एक्स-रे और सोनोग्राफी जैसी सुविधाओं के लिए उदयपुर जिला मुख्यालय जाना पड़ता है। इससे पशुपालकों को समय और धन दोनों का अतिरिक्त नुकसान उठाना पड़ता है। नयागांव में पॉलीक्लिनिक स्थापित होने से इन सुविधाओं का लाभ स्थानीय स्तर पर ही मिलने की उम्मीद है।
प्रस्ताव के अनुसार, राजकीय प्रथम श्रेणी पशु चिकित्सालय नयागांव को बहुउद्देशीय पशु चिकित्सालय में उन्नत किए जाने की अनुशंसा की गई है। वहीं पशु चिकित्सालय कनबई को प्रथम श्रेणी पशु चिकित्सालय में क्रमोन्नत करने का प्रस्ताव है। इसके अलावा पशु चिकित्सा उपकेंद्र बलीचा, डबायचा, सरेरा, थाणा और गतराली को पशु अस्पताल के रूप में उन्नत करने का प्रस्ताव भेजा गया है।
इसी प्रकार संस्था विहीन ग्राम पंचायतों हर्षावाड़ा, पहाड़ा, महिड़ा, राणावाड़ा और गदुनिया में नए पशु चिकित्सा उपकेंद्र खोलने का प्रस्ताव भी सरकार को भेजा गया है। इन केंद्रों के खुलने से ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों के पशुपालकों को पशुओं के उपचार के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा।
नयागांव तहसील में वर्तमान में 24440 गोवंश, 17725 भैंस वंश, 76,615 बकरी, 175 भेड़, 35 घोड़े, 26 गधे, 60 ऊंट, 2,000 कुत्ते और 25000 मुर्गियां हैं। नए पशु अस्पतालों और उपकेंद्रों के खुलने से इन सभी पशुओं को उपचार और जटिल बीमारियों से राहत मिल सकेगी।
नयागांव ब्लॉक के पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजेन्द्र मील ने बताया कि पशु चिकित्सा सुविधाओं के विस्तार के लिए विभाग की ओर से प्रस्ताव सरकार को भेज दिए गए हैं। साथ ही जनप्रतिनिधियों के माध्यम से भी इन प्रस्तावों को सरकार तक पहुंचाया जाएगा।
उन्होंने बताया कि नए पशु अस्पतालों, उपकेंद्रों और पॉलीक्लिनिक की सुविधा उपलब्ध होने से पशुओं को समय पर उपचार मिल सकेगा। गंभीर और जटिल बीमारियों के उपचार की सुविधा स्थानीय स्तर पर मिलने से पशुपालकों के खर्च में कमी आएगी तथा पशुधन स्वस्थ रहने से पशुपालकों की आय बढ़ाने में भी मदद मिलेगी।
नयागांव ब्लॉक की पशु चिकित्सा सुविधाओं के विस्तार से जुड़े इन प्रस्तावों को प्राथमिकता से स्वीकृत कर शीघ्र लागू किए जाने की मांग है, ताकि क्षेत्र के हजारों पशुपालकों और उनके पशुधन को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध हो सकें।

Dinesh Kumar Jain, Kherwara(Udaipur)
दिनेश कुमार जैन पत्रकारिता जगत का एक अनुभवी और विश्वसनीय नाम हैं। उन्होंने पिछले लगभग 8 वर्षों से प्रिंट मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय रहकर जनहित से जुड़े मुद्दों, प्रशासनिक गतिविधियों, ग्रामीण विकास, सामाजिक सरोकारों तथा स्थानीय समस्याओं को प्रमुखता से उठाया है।
उन्होंने जनवरी 2020 से प्रतिष्ठित समाचार पत्र दैनिक नवज्योति में संवाददाता, खेरवाड़ा एवं नयागांव ब्लॉक (जिला उदयपुर) के रूप में कार्य करते हुए तहसील एवं ब्लॉक स्तर की खबरों को प्रभावी ढंग से पाठकों तक पहुंचाया। इससे पूर्व वे लगभग दो वर्षों तक राजस्थान पत्रिका से भी जुड़े रहे, जहां उन्होंने क्षेत्रीय पत्रकारिता में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
खेरवाड़ा, नयागांव तथा आसपास के ग्रामीण एवं आदिवासी क्षेत्रों की जमीनी समस्याओं, विकास कार्यों, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि एवं सामाजिक मुद्दों पर उनकी विशेष पकड़ रही है। निष्पक्ष, तथ्यपरक और जनहित आधारित पत्रकारिता उनकी पहचान है।
वर्तमान में प्रातःकाल के साथ जुड़कर वे अपने व्यापक अनुभव और क्षेत्रीय समझ के माध्यम से पाठकों तक सटीक, विश्वसनीय और प्रभावशाली समाचार पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं। उनकी पत्रकारिता का उद्देश्य समाज की आवाज को सशक्त मंच प्रदान करना तथा जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाना है।
