सावन के दूसरे सोमवार को शिवालयों में उमड़ा आस्था का सैलाब, गूंजे हर-हर महादेव के जयकारे
नयागांव ब्लॉक के शिवालयों में सावन के दूसरे सोमवार पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रही। थाणा पाल मंदिर में देर रात तक कतारें लगी रहीं।

तस्वीर में एक महिला श्रद्धालु नयागांव के मंदिर में शिवलिंग पर पूजा-अर्चना और जलाभिषेक करती हुई नजर आ रही हैं।
नयागांव ब्लॉक में सावन के दूसरे सोमवार को शिवालयों में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। सुबह से ही मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ जुटने लगी। श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का जलाभिषेक, दुग्धाभिषेक एवं पुष्पाभिषेक कर परिवार में सुख-समृद्धि और शांति की कामना की। दिनभर मंदिर परिसर हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयकारों से गूंजते रहे।
उपखंड नयागांव के प्रमुख थाणा पाल मंदिर में तड़के से ही श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगनी शुरू हो गईं, जो देर रात तक जारी रहीं। मंदिर के पुजारी दिग्विजय गोस्वामी ने बताया कि सावन के दूसरे सोमवार को श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का जलाभिषेक, दुग्धाभिषेक एवं पुष्पाभिषेक किया और परिवार में सुख-समृद्धि व शांति की कामना की।
नीलकंठ महादेव मंदिर में भी श्रद्धालुओं की विशेष आस्था देखने को मिली। पंडित नरेन्द्र व्यास ने बताया कि नीलकंठ महादेव के प्रति जन-जन में गहरी श्रद्धा और आस्था है। इसी के चलते सावन के दूसरे सोमवार को आसपास के क्षेत्रों के साथ-साथ दूर-दराज से भी श्रद्धालु दर्शन एवं जलाभिषेक के लिए पहुंचे।
थाणा पाल और नीलकंठ महादेव मंदिर के अलावा क्षेत्र के स्वयंेश्वर महादेव मंदिर (करावाड़ा), कलेश्वर महादेव मंदिर (पहाड़ा) एवं गोविंददेव महादेव मंदिर (गोविंददेव) सहित अन्य प्रमुख धार्मिक स्थलों पर भी दिनभर पूजा-अर्चना का दौर चला। सावन के दूसरे सोमवार के पावन अवसर पर सभी प्रमुख शिवालयों में श्रद्धालुओं की भीड़ रही और पूरा क्षेत्र हर-हर महादेव के जयकारों से गूंजायमान रहा।

Dinesh Kumar Jain, Kherwara(Udaipur)
दिनेश कुमार जैन पत्रकारिता जगत का एक अनुभवी और विश्वसनीय नाम हैं। उन्होंने पिछले लगभग 8 वर्षों से प्रिंट मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय रहकर जनहित से जुड़े मुद्दों, प्रशासनिक गतिविधियों, ग्रामीण विकास, सामाजिक सरोकारों तथा स्थानीय समस्याओं को प्रमुखता से उठाया है।
उन्होंने जनवरी 2020 से प्रतिष्ठित समाचार पत्र दैनिक नवज्योति में संवाददाता, खेरवाड़ा एवं नयागांव ब्लॉक (जिला उदयपुर) के रूप में कार्य करते हुए तहसील एवं ब्लॉक स्तर की खबरों को प्रभावी ढंग से पाठकों तक पहुंचाया। इससे पूर्व वे लगभग दो वर्षों तक राजस्थान पत्रिका से भी जुड़े रहे, जहां उन्होंने क्षेत्रीय पत्रकारिता में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
खेरवाड़ा, नयागांव तथा आसपास के ग्रामीण एवं आदिवासी क्षेत्रों की जमीनी समस्याओं, विकास कार्यों, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि एवं सामाजिक मुद्दों पर उनकी विशेष पकड़ रही है। निष्पक्ष, तथ्यपरक और जनहित आधारित पत्रकारिता उनकी पहचान है।
वर्तमान में प्रातःकाल के साथ जुड़कर वे अपने व्यापक अनुभव और क्षेत्रीय समझ के माध्यम से पाठकों तक सटीक, विश्वसनीय और प्रभावशाली समाचार पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं। उनकी पत्रकारिता का उद्देश्य समाज की आवाज को सशक्त मंच प्रदान करना तथा जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाना है।
