नयागांव पंचायत समिति में कांग्रेस का कब्जा, पन्ना लाल परमार 9 वोट लेकर बने प्रधान
नयागांव पंचायत समिति प्रधान चुनाव में किसी भी दल को स्पष्ट बहुमत नहीं मिलने के बाद कांग्रेस ने निर्दलीय एवं अन्य सदस्यों का समर्थन जुटाया। पन्ना लाल परमार ने भाजपा प्रत्याशी प्रवीण कुमार डामोर को 3 मतों से हराकर जीत दर्ज की।

खेरवाड़ा। नयागांव पंचायत समिति में प्रधान पद के चुनाव में कांग्रेस ने बहुमत हासिल कर अपना प्रधान निर्वाचित करवाने में सफलता हासिल की। कांग्रेस प्रत्याशी पन्ना लाल परमार ने 9 मत प्राप्त कर भाजपा के प्रत्याशी प्रवीण कुमार डामोर को 3 मतों से पराजित किया। निर्दलीय सदस्यों एवं अन्य के समर्थन से कांग्रेस अपना प्रधान बनाने में कामयाब रही।
उल्लेखनीय है कि नयागांव पंचायत समिति में कुल 15 सदस्य हैं। प्रधान पद पर जीत के लिए 8 सदस्यों का समर्थन आवश्यक था। पंचायत समिति सदस्य चुनाव के परिणामों में किसी भी राजनीतिक दल को स्पष्ट बहुमत नहीं मिला था। कांग्रेस के 7, भाजपा के 4 और बीएपी के 2 प्रत्याशी विजयी हुए थे, जबकि 2 निर्दलीय प्रत्याशियों ने भी जीत दर्ज की थी। इस तरह सभी राजनीतिक दल बहुमत के आंकड़े से दूर थे।
प्रधान पद के चुनाव को लेकर राजनीतिक दलों के बीच समर्थन जुटाने और राजनीतिक समीकरण साधने का दौर जारी रहा। अंततः कांग्रेस ने निर्दलीय एवं अन्य सदस्यों का समर्थन हासिल कर 8 के बहुमत के आंकड़े को पार किया और अपने प्रत्याशी पन्ना लाल परमार को प्रधान निर्वाचित करवाया।
ज्ञातव्य है कि नवनिर्वाचित प्रधान पन्ना लाल परमार खेरवाड़ा विधानसभा क्षेत्र के विधायक डॉ. दयाराम परमार के छोटे भाई हैं। पिछले चुनाव में पन्ना लाल परमार की पत्नी कमला देवी परमार नयागांव पंचायत समिति की प्रधान रह चुकी हैं।
चुनाव के दौरान सभी राजनीतिक दलों को क्रॉस वोटिंग की आशंका बनी हुई थी। ऐसे में कांग्रेस के वरिष्ठ एवं अनुभवी विधायक डॉ. दयाराम परमार ने अपनी राजनीतिक रणनीति और कौशल के जरिए प्रधान पद पर पार्टी को जीत दिलाने में सफलता हासिल की।
गौरतलब है कि 20 तारीख को पंचायत समिति सदस्य चुनाव के परिणाम घोषित होने से पहले ही विभिन्न राजनीतिक दलों ने अपने-अपने प्रत्याशियों की बाड़ाबंदी कर दी थी। मतदान से कुछ समय पहले ही विजयी सदस्य मतदान के लिए पहुंचे। मतदान प्रक्रिया पूरी होने के बाद सदस्यों को दोबारा बाड़ाबंदी में ले जाया गया। वहीं, उप प्रधान चुनाव के मतदान के पश्चात सभी प्रत्याशी एवं सदस्य स्वच्छंद नजर आएंगे।
इस चुनाव के परिणाम के साथ ही नयागांव पंचायत समिति में प्रधान पद पर कांग्रेस ने अपना कब्जा जमा लिया। फोटो में निर्वाचित प्रधान पन्ना लाल परमार।

Dinesh Kumar Jain, Kherwara(Udaipur)
दिनेश कुमार जैन पत्रकारिता जगत का एक अनुभवी और विश्वसनीय नाम हैं। उन्होंने पिछले लगभग 8 वर्षों से प्रिंट मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय रहकर जनहित से जुड़े मुद्दों, प्रशासनिक गतिविधियों, ग्रामीण विकास, सामाजिक सरोकारों तथा स्थानीय समस्याओं को प्रमुखता से उठाया है।
उन्होंने जनवरी 2020 से प्रतिष्ठित समाचार पत्र दैनिक नवज्योति में संवाददाता, खेरवाड़ा एवं नयागांव ब्लॉक (जिला उदयपुर) के रूप में कार्य करते हुए तहसील एवं ब्लॉक स्तर की खबरों को प्रभावी ढंग से पाठकों तक पहुंचाया। इससे पूर्व वे लगभग दो वर्षों तक राजस्थान पत्रिका से भी जुड़े रहे, जहां उन्होंने क्षेत्रीय पत्रकारिता में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
खेरवाड़ा, नयागांव तथा आसपास के ग्रामीण एवं आदिवासी क्षेत्रों की जमीनी समस्याओं, विकास कार्यों, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि एवं सामाजिक मुद्दों पर उनकी विशेष पकड़ रही है। निष्पक्ष, तथ्यपरक और जनहित आधारित पत्रकारिता उनकी पहचान है।
वर्तमान में प्रातःकाल के साथ जुड़कर वे अपने व्यापक अनुभव और क्षेत्रीय समझ के माध्यम से पाठकों तक सटीक, विश्वसनीय और प्रभावशाली समाचार पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं। उनकी पत्रकारिता का उद्देश्य समाज की आवाज को सशक्त मंच प्रदान करना तथा जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाना है।
