नयागांव: पहाड़ा पुलिस ने अपहरण, छेड़छाड़ और चोरी के 3 मामले दर्ज किए
उपखंड नयागांव के पहाड़ा थाना में तीन अलग-अलग प्राथमिकियां दर्ज कर सहायक उप निरीक्षकों और हेड कांस्टेबल को जांच सौंपी गई है, पुलिस दोषियों पर कार्रवाई करेगी।

उपखंड नयागांव के पहाड़ा थाना क्षेत्र में अपहरण, महिला से छेड़छाड़ और चोरी के तीन अलग-अलग मामलों में पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। थाना अधिकारी उम्मेदी लाल के निर्देशन में दर्ज किए गए इन मामलों की जांच संबंधित अनुसंधान अधिकारियों द्वारा की जा रही है।
पहले प्रकरण में असारीवाड़ा निवासी 38 वर्षीय व्यक्ति ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसका पुत्र 2 जुलाई 2026 की सुबह घर से लापता हो गया। रिपोर्ट में आरोप लगाया गया है कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने उसे बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर बालक की तलाश शुरू कर दी है।
दूसरे प्रकरण में एक महिला ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि 19 मई 2026 को रानी क्षेत्र में उसके साथ छेड़छाड़, छीना-झपटी तथा अभद्र व्यवहार किया गया। रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने पांच नामजद आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच प्रारंभ कर दी है।
तीसरे प्रकरण में ईटवा निवासी महिला ने रिपोर्ट दी कि वर्ष 2024 में उसके घर में घुसकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया गया था। इस मामले में पुलिस ने पांच नामजद आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पहाड़ा थाना अधिकारी उम्मेदी लाल के निर्देशन में तीनों मामलों की जांच संबंधित अनुसंधान अधिकारियों सहायक उप निरीक्षक कालू लाल, सहायक उप निरीक्षक सोमा लाल तथा हेड कांस्टेबल वीरेंद्र द्वारा की जा रही है। पुलिस का कहना है कि सभी प्रकरणों की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Dinesh Kumar Jain, Kherwara(Udaipur)
दिनेश कुमार जैन पत्रकारिता जगत का एक अनुभवी और विश्वसनीय नाम हैं। उन्होंने पिछले लगभग 8 वर्षों से प्रिंट मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय रहकर जनहित से जुड़े मुद्दों, प्रशासनिक गतिविधियों, ग्रामीण विकास, सामाजिक सरोकारों तथा स्थानीय समस्याओं को प्रमुखता से उठाया है।
उन्होंने जनवरी 2020 से प्रतिष्ठित समाचार पत्र दैनिक नवज्योति में संवाददाता, खेरवाड़ा एवं नयागांव ब्लॉक (जिला उदयपुर) के रूप में कार्य करते हुए तहसील एवं ब्लॉक स्तर की खबरों को प्रभावी ढंग से पाठकों तक पहुंचाया। इससे पूर्व वे लगभग दो वर्षों तक राजस्थान पत्रिका से भी जुड़े रहे, जहां उन्होंने क्षेत्रीय पत्रकारिता में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
खेरवाड़ा, नयागांव तथा आसपास के ग्रामीण एवं आदिवासी क्षेत्रों की जमीनी समस्याओं, विकास कार्यों, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि एवं सामाजिक मुद्दों पर उनकी विशेष पकड़ रही है। निष्पक्ष, तथ्यपरक और जनहित आधारित पत्रकारिता उनकी पहचान है।
वर्तमान में प्रातःकाल के साथ जुड़कर वे अपने व्यापक अनुभव और क्षेत्रीय समझ के माध्यम से पाठकों तक सटीक, विश्वसनीय और प्रभावशाली समाचार पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं। उनकी पत्रकारिता का उद्देश्य समाज की आवाज को सशक्त मंच प्रदान करना तथा जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाना है।
