खेरवाड़ा तहसील मुख्यालय क्षेत्र से भाणदा, बावलवाडा और सोम होते हुए स्वरूपगंज तक जाने वाले नेशनल हाईवे 927ए की खस्ताहाल स्थिति आमजन और वाहन चालकों के लिए गंभीर परेशानी का कारण बन गई है। पहले से ही कई किलोमीटर तक लगभग 3 मीटर चौड़ी यह सड़क आवागमन के लिए पर्याप्त नहीं है, वहीं लगातार बारिश के चलते मार्ग पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं, जिससे प्रतिदिन गुजरने वाले लोगों को भारी जोखिम उठाना पड़ रहा है।

बारिश के कारण सड़क के दोनों ओर कीचड़ जमा हो जाने से स्थिति और भी गंभीर हो गई है। विशेषकर दुपहिया वाहन चालकों को संतुलन बनाए रखने में कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर पूर्व में भी कई दुर्घटनाएं हो चुकी हैं, जिनमें लोगों की जान तक जा चुकी है, लेकिन इसके बावजूद सड़क की मरम्मत की दिशा में अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।

ग्रामीणों ने संबंधित विभाग से मांग की है कि जनहित को ध्यान में रखते हुए तत्काल अस्थायी रूप से सड़क का पेचवर्क कराया जाए, ताकि गड्ढों से राहत मिल सके। साथ ही सड़क के दोनों ओर ग्रेवल डालकर पटरी की मरम्मत कराने की भी मांग की गई है, जिससे वाहन चालकों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सके।

क्षेत्रवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र ही सड़क की मरम्मत नहीं कराई गई तो किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है, जिसकी जिम्मेदारी संबंधित विभाग की होगी। उन्होंने प्रशासन से जल्द आवश्यक कार्रवाई कर आमजन को राहत प्रदान करने की मांग की है। नेशनल हाईवे 927ए की बदहाल स्थिति एक बार फिर सड़क सुरक्षा और आधारभूत ढांचे के रखरखाव को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर रही है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story