गांधीनगर में राष्ट्रीय वन शहीद दिवस, शहीद रेंजर की पत्नी को 50 लाख की सहायता
गांधीनगर में राष्ट्रीय वन शहीद दिवस पर 18 राज्यों के वनकर्मी शामिल हुए। शहीद रेंजर की पत्नी को 50 लाख और दुर्घटना में अपंग वनकर्मी को 25 लाख की सहायता दी गई, जबकि एक करोड़ रुपये की सहायता की कार्यवाही की घोषणा हुई।

तस्वीर में गांधीनगर स्थित वन शहीद स्मारक पर राष्ट्रीय वन शहीद दिवस कार्यक्रम के दौरान एकत्र हुए देश भर के वन विभाग के अधिकारी और कर्मचारी नजर आ रहे हैं।
गुजरात के गांधीनगर स्थित वन शहीद स्मारक पर शुक्रवार को राष्ट्रीय वन शहीद दिवस कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें देश के 18 राज्यों से वन विभाग के अधिकारी और कर्मचारी शामिल हुए। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल रहे, जबकि वन एवं पर्यावरण मंत्री की अध्यक्षता में कार्यक्रम आयोजित किया गया।
राजस्थान अधीनस्थ वन कर्मचारी संघ के प्रदेश वरिष्ठ उपाध्यक्ष सुरेश चंद्र शर्मा ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान राजकार्य के दौरान शहीद हुए एक रेंजर की पत्नी को 50 लाख रुपये का चेक प्रदान किया गया। दुर्घटना में अपंग हुए एक वनकर्मी को भी 25 लाख रुपये की आर्थिक सहायता का चेक दिया गया।
इसके साथ ही एमओयू के तहत बैंक खाते से एक करोड़ रुपये की सहायता दिलाने की कार्यवाही किए जाने की घोषणा पीसीसीएफ (हॉफ) द्वारा की गई।
कार्यक्रम में ऑल इंडिया फॉरेस्ट ऑफिसर फेडरेशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगदीप कुंभड़ा और संरक्षक कमल यादव ने वनकर्मियों से एकजुट होकर कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सभी राज्यों के वनकर्मियों के वेतन एवं भत्तों में समानता लाने के लिए शीघ्र ही विस्तृत योजना तैयार कर केंद्र सरकार को भेजी जाएगी।
कार्यक्रम में राजस्थान का प्रतिनिधित्व प्रदेशाध्यक्ष भूपेंद्र सिंह जादौन, प्रदेश संयोजक बनवारी लाल शर्मा, करणपाल यादव, कैलाश यादव, सुनील चौधरी, हेतराम गुर्जर, राजेंद्र चौधरी, लालचंद, करण सिंह सहित कुल 15 पदाधिकारियों ने किया।
इस दौरान देशभर से आए वनकर्मियों ने वन एवं वन्यजीव संरक्षण के दौरान अपने प्राणों का बलिदान देने वाले वन शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम में वनकर्मियों की एकजुटता, सहायता और वेतन-भत्तों में समानता से जुड़े विषयों पर भी चर्चा हुई।

Vikas Chawada (Udaipur)
नाम: विकास चावड़ा
वर्तमान पद: संवाददाता (दैनिक प्रातःकाल, फतहनगर क्षेत्र)
कार्यक्षेत्र: फतहनगर, तहसील: मावली, जिला: उदयपुर (राजस्थान)
अनुभव: साल 2020 से लगातार सक्रिय
बीट और मुख्य विषय
- स्थानीय समाचार: तहसील मावली के विभिन्न गांवों सहित फतहनगर-सनवाड़ पालिका क्षेत्र के स्थानीय समाचारों की नियमित कवरेज।
- राजनैतिक एवं क्राइम: क्षेत्र की राजनीतिक हलचल, कानून-व्यवस्था और अपराध से जुड़ी घटनाओं की रिपोर्टिंग।
- जन समस्याएं व समसामयिक विषय: स्थानीय नागरिकों की समस्याएं, बुनियादी सुविधाएं और समसामयिक मुद्दों पर नियमित लेखन व रिपोर्टिंग।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
हायर सेकेंडरी
