राष्ट्रीय कैंसर जागरूकता दिवस के अवसर पर खेरवाड़ा और नयागांव के चिकित्सा अधिकारियों ने क्षेत्रवासियों से कैंसर के प्रति सतर्क रहने और इसकी रोकथाम के लिए जरूरी सावधानियां अपनाने की अपील की। चिकित्सा अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि कैंसर की समय पर पहचान और शुरुआती अवस्था में जांच से उपचार अधिक प्रभावी हो सकता है तथा मरीज के स्वस्थ होने की संभावना बढ़ जाती है।

प्रतिवर्ष 7 नवंबर को राष्ट्रीय कैंसर जागरूकता दिवस मनाया जाता है। इस अवसर पर खेरवाड़ा ब्लॉक मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अरुण मीणा एवं नयागांव ब्लॉक मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. निकुंज कलासुआ ने आमजन को कैंसर के कारणों, बचाव, शुरुआती लक्षणों, शीघ्र जांच और समय पर उपचार के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया।

चिकित्सा अधिकारियों ने बताया कि राष्ट्रीय कैंसर जागरूकता दिवस मनाने की शुरुआत वर्ष 2014 में हुई थी। इसका मुख्य उद्देश्य आमजन को कैंसर से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी देना और बीमारी की समय पर पहचान के लिए जागरूक करना है। यह दिवस महान वैज्ञानिक एवं नोबेल पुरस्कार विजेता मैडम मैरी क्यूरी की जयंती के अवसर पर मनाया जाता है। उन्होंने रेडियम और पोलोनियम की खोज कर चिकित्सा विज्ञान में महत्वपूर्ण योगदान दिया था।

डॉ. अरुण मीणा एवं डॉ. निकुंज कलासुआ ने बताया कि कैंसर का शुरुआती अवस्था में पता चलने पर उपचार अधिक प्रभावी हो सकता है। इससे मरीज के स्वस्थ होने की संभावना भी बढ़ जाती है। उन्होंने लोगों को शरीर में किसी भी प्रकार की असामान्य गांठ, लंबे समय तक घाव का नहीं भरना, बिना किसी कारण वजन कम होना, लगातार खांसी, असामान्य रक्तस्राव अथवा लंबे समय तक बने रहने वाले अन्य लक्षणों को नजरअंदाज नहीं करने की सलाह दी। ऐसे लक्षण दिखाई देने पर चिकित्सकीय परामर्श लेना आवश्यक है।

उन्होंने आमजन से तंबाकू, गुटखा, बीड़ी, सिगरेट एवं अन्य नशीले पदार्थों से दूर रहने, संतुलित आहार लेने, नियमित व्यायाम करने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का आग्रह किया। इसके साथ ही समय-समय पर स्वास्थ्य जांच करवाने की जरूरत पर भी जोर दिया।

चिकित्सा अधिकारियों ने विशेष रूप से महिलाओं एवं पुरुषों से कैंसर के संभावित लक्षणों के प्रति सतर्क रहने तथा आवश्यकता पड़ने पर नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर जांच करवाने की अपील की। उन्होंने कहा कि कैंसर से बचाव और उपचार में जागरूकता सबसे महत्वपूर्ण कदम है। समय पर जांच, सही उपचार और सकारात्मक सोच के जरिए कैंसर के खिलाफ प्रभावी लड़ाई लड़ी जा सकती है।

Dinesh Kumar Jain, Kherwara(Udaipur)

Dinesh Kumar Jain, Kherwara(Udaipur)

दिनेश कुमार जैन पत्रकारिता जगत का एक अनुभवी और विश्वसनीय नाम हैं। उन्होंने पिछले लगभग 8 वर्षों से प्रिंट मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय रहकर जनहित से जुड़े मुद्दों, प्रशासनिक गतिविधियों, ग्रामीण विकास, सामाजिक सरोकारों तथा स्थानीय समस्याओं को प्रमुखता से उठाया है।

उन्होंने जनवरी 2020 से प्रतिष्ठित समाचार पत्र दैनिक नवज्योति में संवाददाता, खेरवाड़ा एवं नयागांव ब्लॉक (जिला उदयपुर) के रूप में कार्य करते हुए तहसील एवं ब्लॉक स्तर की खबरों को प्रभावी ढंग से पाठकों तक पहुंचाया। इससे पूर्व वे लगभग दो वर्षों तक राजस्थान पत्रिका से भी जुड़े रहे, जहां उन्होंने क्षेत्रीय पत्रकारिता में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

खेरवाड़ा, नयागांव तथा आसपास के ग्रामीण एवं आदिवासी क्षेत्रों की जमीनी समस्याओं, विकास कार्यों, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि एवं सामाजिक मुद्दों पर उनकी विशेष पकड़ रही है। निष्पक्ष, तथ्यपरक और जनहित आधारित पत्रकारिता उनकी पहचान है।

वर्तमान में प्रातःकाल के साथ जुड़कर वे अपने व्यापक अनुभव और क्षेत्रीय समझ के माध्यम से पाठकों तक सटीक, विश्वसनीय और प्रभावशाली समाचार पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं। उनकी पत्रकारिता का उद्देश्य समाज की आवाज को सशक्त मंच प्रदान करना तथा जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाना है।

Next Story